Lucknow City

लखनऊ से सुबह प्रस्थान, दिनभर रामनगरी के दिव्य दर्शन… विजिट माय स्टेट को मिली रफ्तार

अयोध्या, नैमिषारण्य, चित्रकूट और विंध्याचल के हर वीकेंड आसान दर्शन, यूपीएसटीडीसी ने पांच धार्मिक टूर पैकेज किए नियमित, मात्र दो श्रद्धालुओं की बुकिंग पर भी चलेगी यात्रा, वरिष्ठ नागरिकों को विशेष रियायत

लखनऊ, 17 जून 2026:

यूपी सरकार प्रदेश की समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाने के लिए लगातार नए प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में ‘विजिट माय स्टेट’ अभियान के तहत श्रद्धालुओं को रामनगरी अयोध्या, नैमिषारण्य, चित्रकूट और विंध्याचल जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों से जोड़ने की पहल को और गति दी गई है। उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने ‘सुगम दर्शन’ समेत पांच प्रमुख वीकेंड धार्मिक पर्यटन पैकेजों को नियमित रूप से संचालित करने का निर्णय लिया है। इससे श्रद्धालु अब हर सप्ताह इन पावन स्थलों की यात्रा कर सकेंगे।
visit-my-state-up-tourism-weekend-religious-tour-packages

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बढ़ती मांग को देखते हुए इन धार्मिक यात्राओं को नियमित किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि किसी यात्रा में केवल दो श्रद्धालु भी बुकिंग कराते हैं तब भी यात्रा संचालित की जाएगी। सरकार का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुविधाजनक, सुरक्षित और किफायती धार्मिक पर्यटन उपलब्ध कराना है।

लखनऊ से अयोध्या के लिए संचालित एक दिवसीय ‘सुगम दर्शन’ यात्रा अब हर शनिवार और रविवार को चलेगी। यात्रा सुबह 7:30 बजे होटल गोमती से शुरू होगी और 1090 चौराहा तथा पॉलिटेक्निक चौराहे से यात्रियों को लेकर लगभग 10:30 बजे अयोध्या पहुंचेगी। श्रद्धालुओं को हनुमानगढ़ी, श्रीराम जन्मभूमि, कनक भवन, सरयू रिवर फ्रंट, राम की पैड़ी और नागेश्वरनाथ मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। इस पैकेज का शुल्क वरिष्ठ नागरिकों के लिए 1,500 रुपये और अन्य यात्रियों के लिए 2,000 रुपये निर्धारित किया गया है।

वहीं, लखनऊ से नैमिषारण्य की एक दिवसीय यात्रा हर शुक्रवार संचालित होगी। इस दौरान श्रद्धालु चक्रतीर्थ, व्यास गद्दी, दधीचि कुंड, ललिता देवी मंदिर, बालाजी मंदिर, हवन कुंड और हनुमानगढ़ी मंदिर के दर्शन कर सकेंगे। इस यात्रा के लिए वरिष्ठ नागरिकों से 1,000 रुपये तथा अन्य यात्रियों से 1,700 रुपये शुल्क लिया जाएगा।

यूपीएसटीडीसी ने प्रयागराज से भी तीन विशेष धार्मिक पर्यटन पैकेज नियमित किए हैं। हर शनिवार को प्रयागराज-चित्रकूट यात्रा के दौरान श्रद्धालु गुप्त गोदावरी, माता अनसूया आश्रम, स्फटिक शिला, राम दरबार, कामतानाथ मंदिर और हनुमान धारा के दर्शन कर सकेंगे। इस यात्रा का शुल्क मात्र 1,000 रुपये प्रति व्यक्ति रखा गया है।

इसी प्रकार प्रयागराज से विंध्याचल के लिए हर शुक्रवार विशेष यात्रा संचालित होगी जिसमें मां विंध्यवासिनी देवी, अष्टभुजा मंदिर और काली खोह के दर्शन कराए जाएंगे। इस पैकेज का शुल्क केवल 600 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है।
इसके अलावा प्रयागराज से अयोध्या के लिए हर रविवार एक दिवसीय धार्मिक यात्रा का संचालन होगा। श्रद्धालु राम की पैड़ी में स्नान, हनुमानगढ़ी, श्रीराम मंदिर और कनक भवन के दर्शन कर सकेंगे। इस पैकेज का शुल्क 1,000 रुपये प्रति व्यक्ति रखा गया है।

यूपीएसटीडीसी ने बुकिंग प्रक्रिया को भी सरल बनाया है। श्रद्धालु ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से यात्रा बुक कर सकते हैं। समूह बुकिंग पर विशेष छूट का प्रावधान भी किया गया है। सरकार को उम्मीद है कि इन नियमित धार्मिक यात्राओं से प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को नई ऊंचाई मिलेगी और श्रद्धालुओं को अपनी आस्था से जुड़ने का सहज अवसर प्राप्त होगा।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button