लखनऊ, 18 जून 2026:
यूपी की राजधानी में लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने एक ओर अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखते हुए चार अवैध रूप से निर्माणाधीन भवनों को सील किया तो दूसरी ओर देवपुर पारा योजना के 378 आवंटियों को लॉटरी के माध्यम से पार्किंग का आवंटन कर पारदर्शिता का संदेश दिया।
एलडीए के प्रवर्तन जोन-1 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र के अर्जुनगंज स्थित ग्राम सरसवां में विशेष अभियान चलाया गया। जांच के दौरान पाया गया कि मनीष, अर्जुन गर्ग, सुरेश कुमार, मुकेश कुमार एवं अन्य लोगों द्वारा एलडीए से मानचित्र स्वीकृत कराए बिना भवन निर्माण कराया जा रहा था। नियमों के उल्लंघन में किए जा रहे तीन निर्माणाधीन भवनों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।

इसके अलावा ग्राम बक्कास में विनीत शुक्ला एवं अन्य लोगों द्वारा भी बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण कार्य कराया जा रहा था। एलडीए की टीम ने मौके पर पहुंचकर उक्त निर्माणाधीन भवन को भी सील कर दिया। प्राधिकरण की इस कार्रवाई से अवैध निर्माण कराने वालों में हड़कंप मच गया।
उधर, एलडीए ने कबीर नगर स्थित देवपुर पारा योजना के आवंटियों के लिए पार्किंग आवंटन की प्रक्रिया भी पूरी की। एलडीए के कमेटी हॉल में आयोजित लॉटरी ड्रा में 378 आवंटियों को पार्किंग आवंटित की गई। खास बात यह रही कि लॉटरी की पर्चियां स्वयं आवंटियों के हाथों से निकलवाई गईं। इससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष बनी रही।
एलडीए के अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि योजना के एमआईजी श्रेणी के छह ब्लॉकों में ओपन, स्टिल्ट और बेसमेंट मिलाकर 378 पार्किंग उपलब्ध हैं। 14 जून तक 622 आवंटियों ने अपने भवनों की रजिस्ट्री कराई थी। इसके बाद पार्किंग आवंटन के लिए लॉटरी का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि जिन आवंटियों को इस चरण में पार्किंग नहीं मिल सकी उन्हें योजना में प्रस्तावित मल्टीलेवल पार्किंग में स्थान आवंटित किया जाएगा।






