लखनऊ, 13 जून 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में अवैध निर्माण और अनधिकृत विकास के खिलाफ लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। एलडीए ने शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई करते हुए गोमतीनगर और गोमतीनगर विस्तार में छह अवैध बहुमंजिला भवनों को सील किया। ठाकुरगंज क्षेत्र में एक अवैध निर्माण को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-1 और जोन-7 की टीमों ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की। प्रवर्तन जोन-1 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि गोमतीनगर एवं गोमतीनगर विस्तार क्षेत्र में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान संतोष सिंह, बालमुकुंद सिंह, लक्ष्मीकांत यादव, सुनील कुमार जायसवाल, रामानंद वर्मा, सुधा सिंह, नीतू तथा अन्य लोगों द्वारा बिना स्वीकृति के निर्मित किए जा रहे बहुमंजिला भवनों को चिन्हित कर सील कर दिया गया।

एलडीए अधिकारियों के अनुसार इन निर्माणों के लिए आवश्यक मानचित्र स्वीकृति नहीं ली गई थी। वहीं प्रवर्तन जोन-7 के जोनल अधिकारी प्रभाकर सिंह ने बताया कि ठाकुरगंज के सराय माली खां मोहल्ले में वैभव चन्द्र एवं अन्य द्वारा लगभग 1900 वर्गफुट क्षेत्रफल के भूखंड पर बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण कराया जा रहा था। इस मामले में एलडीए द्वारा विहित न्यायालय में वाद दायर किया गया था, जिसके बाद न्यायालय ने ध्वस्तीकरण के आदेश जारी किए थे।
न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में प्रवर्तन टीम ने मौके पर पहुंचकर पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। एलडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि लखनऊ में अवैध निर्माण और अनधिकृत प्लाटिंग के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। इससे शहर में सुनियोजित एवं नियमानुसार विकास को बढ़ावा मिलेगा।






