लखनऊ, 13 जून 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में भीषण गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। दूसरी तरफ शहर के जनेश्वर मिश्र पार्क स्थित रोज गार्डेन में हजारों गुलाब अपनी पूरी खूबसूरती के साथ खिले हुए हैं। राष्ट्रीय लाल गुलाब दिवस के अवसर पर यहां का मनमोहक नजारा देखने पहुंचे पर्यावरण प्रेमी, युवा और रचनाकार गुलाबों की रंग-बिरंगी छटा देखकर मंत्रमुग्ध हो गए।
लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की ओर रोज गार्डेन में आयोजित ‘द रेड रिवाइवल’ कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया। लोगों ने गुलाब की विभिन्न प्रजातियों की सुंदरता को अपने कैमरों में कैद किया और पार्क के हरित वातावरण का आनंद लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य रोज गार्डेन के संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना और नागरिकों में पर्यावरणीय चेतना का विस्तार करना था।

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि जनेश्वर मिश्र पार्क का रोज गार्डेन देश का दूसरा सबसे बड़ा रोज गार्डेन है। लगभग 15 एकड़ क्षेत्र में फैले इस उद्यान में गुलाब की 2200 से अधिक प्रजातियां और 10 हजार से ज्यादा पौधे रोपित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक सिंचाई प्रणाली और आधुनिक उद्यान प्रबंधन तकनीकों की मदद से भीषण गर्मी के मौसम में भी गुलाबों की गुणवत्ता, ताजगी और आकर्षण को बरकरार रखा गया है।

कार्यक्रम के दौरान एलडीए के उद्यान अधिकारी शशि कुमार भारती ने प्रतिभागियों को पौधरोपण, जल संरक्षण और आधुनिक सिंचाई तकनीकों की जानकारी दी। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी को अधिकाधिक पौधारोपण करने और हरित अभियानों से जुड़ने का संकल्प भी दिलाया।

कार्यक्रम में शामिल लोगों ने एलडीए की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रयास शहर की हरियाली को बढ़ावा देने के साथ लखनऊ की हरित पहचान को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। जनेश्वर मिश्र पार्क का यह गुलाब उद्यान प्रकृति प्रेमियों के लिए प्रेरणा और आकर्षण का केंद्र बन चुका है।






