विजय पटेल
रायबरेली, 18 जून 2026:
रायबरेली के भदोखर थाना इलाके में गुरुवार को एक बड़ा रेल हादसा टल गया। मुंशीगंज रेलवे क्रॉसिंग पर रेलवे फाटक के बीच एक ट्रैक्टर-ट्रॉली फंस गई, जिसके चलते प्रयागराज जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस (14242) को समय रहते रोकना पड़ा। लोको पायलट की सतर्कता और गेटमैन की सूझबूझ से संभावित दुर्घटना टल गई।
जानकारी के मुताबिक, दरियापुर स्टेशन के पास नौचंदी एक्सप्रेस को करीब आधे घंटे तक खड़ा रखना पड़ा। दरियापुर स्टेशन अधीक्षक शिव शंकर सिंह ने बताया कि रेलवे गेट के बीच वाहन फंसने की सूचना गेटमैन ने दी थी, जिसके बाद तुरंत ट्रेन को रोक दिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही ट्रैक्टर-ट्रॉली फाटक के बीच फंसी, मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। रेलवे लाइन के आसपास मौजूद लोग अपनी गाड़ियां पीछे हटाने लगे। स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग गया था।
जब यह साफ हो गया कि नौचंदी एक्सप्रेस सुरक्षित दूरी पर रोक दी गई है, तब गेटमैन ने रेलवे फाटक खोलकर ट्रैक्टर-ट्रॉली को बाहर निकलवाया। इसके बाद रेल मार्ग को फिर से सामान्य किया गया। घटना के चलते कुछ समय के लिए रेल यातायात प्रभावित रहा। रेलवे प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है।






