लखनऊ, 18 जून 2026:
अयोध्या के राम मंदिर से जुड़े करोड़ों रुपये के चढ़ावे की कथित चोरी और वित्तीय अनियमितताओं को लेकर सियासी घमासान लगातार तेज होता जा रहा है। गुरुवार को लखनऊ में आयोजित प्रेस वार्ता में आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद और प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने राम मंदिर ट्रस्ट पर गंभीर आरोप लगाते हुए भाजपा और केंद्र सरकार को निशाने पर लिया।
संजय सिंह ने दावा किया कि उन्होंने अयोध्या के राम जन्मभूमि थाना प्रभारी को नामजद तहरीर भेजकर राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने और गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर में चढ़ावे और दान के नाम पर हुए कथित घोटाले ने पूरे देश को झकझोर दिया है और लगातार नए खुलासे सामने आ रहे हैं।
आप सांसद ने आरोप लगाया कि भगवान राम के नाम पर आए चंदे और चढ़ावे में हुई कथित चोरी को भाजपा सरकार और उसकी जांच एजेंसियों का संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि विपक्ष के मामलों में तुरंत ईडी और सीबीआई सक्रिय हो जाती हैं लेकिन राम मंदिर के दानपात्र से जुड़े इस मामले में उनकी चुप्पी सवाल खड़े करती है।
संजय सिंह ने कहा कि इस मामले में कथित तौर पर सीसीटीवी फुटेज, हिरासत में लिए गए लोगों के बयान और चोरी की रकम की बरामदगी जैसे तथ्य सामने आ चुके हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब अविनाश शुक्ला से 5 लाख और लोकेश मिश्रा से 15 लाख रुपये बरामद होने की बात सामने आई है तो चंपत राय, अनिल मिश्रा, गोपाल और टिंन्नू जैसे कथित मुख्य आरोपियों पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई।
उन्होंने मांग की कि राम मंदिर ट्रस्ट को तत्काल प्रभाव से भंग किया जाए क्योंकि ऐसे आरोपों के बाद ट्रस्ट पदाधिकारियों का पद पर बने रहना नैतिक रूप से उचित नहीं है। संजय सिंह ने वर्ष 2021 के चर्चित जमीन खरीद मामले का भी जिक्र किया जिसमें 2 करोड़ रुपये की जमीन को कुछ ही मिनटों में 18.5 करोड़ रुपये में खरीदे जाने का आरोप लगा था। इसके अलावा महंत मुरलीदास की जमीन खरीद और सुल्तान अंसारी प्रकरण को भी अपनी तहरीर का हिस्सा बताया।
भाजपा द्वारा सवाल उठाने वालों को ‘रामद्रोही’ बताए जाने पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि अब मंदिर आंदोलन से जुड़े कई संत और भाजपा के अपने नेता भी भ्रष्टाचार के आरोप उठा रहे हैं। उन्होंने शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ दर्ज मामलों की भी आलोचना की और चुनाव आयोग के प्रमुख ज्ञानेश कुमार की भूमिका की जांच की मांग की।
इस दौरान संजय सिंह ने पार्टी के आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की घोषणा करते हुए बताया कि अगस्त में छठे चरण की पदयात्रा आयोजित की जाएगी। यह यात्रा 16 से 23 अगस्त तक आजमगढ़, शाहगंज और जौनपुर के बीच निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी जनता के बीच जाकर इस मुद्दे को लेकर बड़ा जनआंदोलन खड़ा करेगी और भाजपा सरकार की नीतियों को बेनकाब करेगी।






