लखनऊ, 20 जून 2026:
यूपी की राजधानी शहर-ए-लखनऊ के आशियाना स्थित वनस्थली पार्क का स्वरूप जल्द ही पूरी तरह बदलने वाला है। इसमें विकसित किया जा रहा ‘मैजिकल लैंड फैंटसी पार्क’ बच्चों, युवाओं और परिवारों के लिए एक नया आकर्षण बनने जा रहा है। जुरासिक पार्क की तर्ज पर तैयार हो रहे इस अनोखे पार्क में ड्रैगन, यूनीकॉर्न, साइक्लोप्स और ऐरावत जैसे रोबोटिक किरदारों के साथ पंचतंत्र की कहानियों की दुनिया भी जीवंत नजर आएगी।
लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने पार्क का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को सितंबर तक सभी कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उपाध्यक्ष ने बताया कि आशियाना के सेक्टर-के स्थित वनस्थली पार्क में पीपीपी मॉडल पर लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से मैजिकल लैंड फैंटसी पार्क विकसित किया जा रहा है।
इस पार्क की खासियत यह होगी कि यहां निष्प्रयोज्य सामग्री से तैयार मरमेड, फीनिक्स, जिनी, ग्रिफिन, वेयर वूल्फ और मोगली जैसे 12 लाइव मॉडल एवं स्कल्पचर्स स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा ड्रैगन, यूनीकॉर्न, साइक्लोप्स और ऐरावत सहित 10 इंटरैक्टिव रोबोटिक मॉडल दर्शकों को रोमांचित करेंगे।

पार्क में एक विशाल वॉटर बॉडी का निर्माण भी किया जा रहा है। इसमें आकर्षक फाउंटेन लगाया जाएगा। साथ ही वॉच टॉवर और आधुनिक टॉयलेट ब्लॉक जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने ज्योतिबा फुले जोनल पार्क का भी दौरा किया। करीब 4 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य अंतिम चरण में हैं। यहां निर्मित एसटीपी की एक माह के भीतर टेस्टिंग कर संचालन शुरू कराने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा गौतम बुद्ध शांति उपवन के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण कर उपयुक्त स्थानों पर ओपन जिम और बच्चों के लिए झूले लगाने के निर्देश दिए गए। वहीं शहीद पथ पर चल रहे सिंचाई और हॉर्टीकल्चर कार्यों की समीक्षा करते हुए उपाध्यक्ष ने 30 जून तक सिंचाई तथा 30 जुलाई तक उद्यान संबंधी सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने चेतावनी दी कि तय समयसीमा में काम पूरा न होने पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एलडीए की यह पहल राजधानी में मनोरंजन, हरियाली और आधुनिक सार्वजनिक सुविधाओं के नए आयाम स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।






