Sitapur City

Love Story का अंत : श्रृंगार का सामान लाए, पेड़ को बनाया रिश्ते का गवाह, युगल ने लटककर दे दी जान

युवती का रिश्ता दूसरी जगह तय हो चुका था, तिलक की रस्म भी पूरी हो गई थी, गांव के बाहर पेड़ के पास मिले श्रृंगार का सामान और सिंदूर ने कई सवाल छोड़े, अलग-अलग जाति से जुड़े दोनों युवाओं के लापता होने के बाद शनिवार सुबह परिजनों को उनकी मौत की खबर मिली

सीतापुर, 20 जून 2026:

सीतापुर के नैमिषारण्य थाना इलाके के रामपुर खेवटा गांव में प्रेम संबंध को परिवार की मंजूरी नहीं मिलने के बीच एक युवक और युवती की जिंदगी दर्दनाक मोड़ पर खत्म हो गई। दोनों शुक्रवार शाम से लापता थे। शनिवार सुबह गांव के बाहर खेत के पास एक पेड़ पर दुपट्टे के सहारे शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

मृतकों की पहचान गांव में रहने वाले प्रियवंश (22) और रजनी (19) के रूप में हुई है। ग्रामीणों के मुताबिक दोनों लंबे समय से एक-दूसरे को चाहते थे, लेकिन अलग-अलग जाति से होने की वजह से उनके रिश्ते को परिवार की स्वीकृति नहीं मिल सकी। इसी बीच युवती की शादी दूसरी जगह तय कर दी गई थी और तिलक की रस्म भी पूरी हो चुकी थी। बताते हैं कि रात 12 बजे के बाद दोनों घर से निकले थे। करीब 400 मीटर दूर पेड़ के पास जाकर खुदकुशी की।
sitapur-naimisharanya-love-story-tragedy-priyavansh-rajni-suicide

घटनास्थल के पास श्रृंगार का सामान, बिंदी और सिंदूर मिला। युवती की मांग में भी सिंदूर होने की बात सामने आई है। पेड़ के चारों तरफ पैरों के निशान मिलने के बाद ग्रामीणों के बीच यह चर्चा शुरू हो गई कि दोनों ने भावुक होकर पेड़ के फेरे लेकर अपने रिश्ते को नाम देने की कोशिश की होगी।

शनिवार सुबह गांव वालों ने खेत के पास पेड़ के नीचे दोनों के शव देखे तो सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर भारी भीड़ जुट गई। सीओ मिश्रिख बृजेश कुमार और नैमिष पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी बुलाया और जांच शुरू कर दी। पुलिस शुरुआती जांच में पारिवारिक और वैवाहिक परिस्थितियों को घटना की वजह मानकर सभी पहलुओं पर पड़ताल कर रही है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button