लखनऊ/प्रयागराज, 23 अप्रैल 2026:
माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश ने गुरुवार को हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया। इस बार भी टॉपर्स की लिस्ट में छात्राओं का दबदबा साफ नजर आया। इस बारे में आज प्रयागराज स्थित माध्यमिक शिक्षा परिषद के सभागार में निदेशक डॉ. महेंद्र देव मीडिया से रूबरू हुए।
निदेशक ने परीक्षा के टॉपरों का डिटेल देते हुए कहा परीक्षाफल केवल अंक नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के परिश्रम और संकल्प का प्रतीक है। जिन विद्यार्थियों का परिणाम अपेक्षा के अनुरूप नहीं है, वे निराश न हों, आगे सुधार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध हैं।

उन्होंने बताया कि हाईस्कूल परीक्षा में काशिश वर्मा और अंशिका वर्मा ने 97.83 प्रतिशत अंक हासिल कर संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल किया। काशिश वर्मा सीतापुर के बाबूराम सावित्री देवी इंटर कॉलेज, शेखपुर बिलौली बाजार, पहला से हैं, जबकि अंशिका वर्मा बाराबंकी के द मॉडर्न एकेडमी इंटर कॉलेज, जैदपुर की छात्रा हैं।
दूसरे स्थान पर बाराबंकी के द मॉडर्न एकेडमी इंटर कॉलेज की ही अदिति रहीं, जिन्होंने 97.50 प्रतिशत अंक हासिल किए। तीसरे स्थान पर तीन छात्रों ने जगह बनाई। इनमें सीतापुर के बाबूराम सावित्री देवी इंटर कॉलेज की अर्पिता, झांसी के लॉर्ड कृष्णा पब्लिक हाई स्कूल के ऋषभ साहू और बाराबंकी के द मॉडर्न एकेडमी इंटर कॉलेज की परी वर्मा शामिल हैं। तीनों ने 97.33 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।

वहीं इंटरमीडिएट परीक्षा में भी छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रथम स्थान पर सीतापुर के बाबूराम सावित्री देवी इंटर कॉलेज, शेखपुर बिलौली बाजार, पहला की छात्रा रहीं। दूसरे स्थान पर नंदनी गुप्ता और श्रेया वर्मा ने 97.20 प्रतिशत अंक के साथ संयुक्त रूप से जगह बनाई। नंदनी गुप्ता बरेली के सर्वोदय जनकल्याण इंटर कॉलेज, खेरा की छात्रा हैं, जबकि श्रेया वर्मा बाराबंकी के महारानी लक्ष्मी बाई मेमोरियल इंटर कॉलेज की छात्रा हैं।
तीसरे स्थान पर भी दो छात्राओं ने जगह बनाई। इनमें बरेली के सर्वोदय जनकल्याण इंटर कॉलेज, खेरा की सुरभि यादव और बाराबंकी के महारानी लक्ष्मी बाई मेमोरियल इंटर कॉलेज की पूजा पाल शामिल हैं। दोनों ने 97.00 प्रतिशत अंक हासिल किए।






