
लॉस एंजिलिस, 21 जून 2026:
FIFA World Cup 2026 के ग्रुप चरण में 10वें दिन कई बड़े नतीजे सामने आए। जर्मनी ने पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए आइवरी कोस्ट को 2-1 से हराकर नॉकआउट में जगह पक्की कर ली। दूसरी तरफ जापान ने ट्यूनिशिया पर चार गोल दागकर अपना दम दिखाया, जबकि नीदरलैंड ने स्वीडन को 5-1 से हराकर ग्रुप एफ में अपनी दावेदारी और मजबूत कर दी। वहीं, इक्वाडोर और कुराकाओ के बीच मुकाबला ड्रॉ पर खत्म हुआ।

ग्रुप एफ के मुकाबले में जापान ने शुरुआती मिनटों से ही आक्रामक खेल दिखाया। चौथे मिनट में केइतो नाकामुरा के शानदार पास पर डाएची कामाडा ने गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद 31वें मिनट में आयासे उएदा ने गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया।
दूसरे हाफ में भी जापानी खिलाड़ियों का दबदबा जारी रहा। 69वें मिनट में जून्या इतो ने तीसरा गोल दागा। इसके बाद 83वें मिनट में उएदा ने अपना दूसरा गोल करते हुए टीम की बढ़त 4-0 कर दी। ट्यूनिशिया पूरे मैच में वापसी का रास्ता नहीं खोज सका और जापान ने बड़ी जीत अपने नाम कर ली।
नीदरलैंड का अटैक, स्वीडन पर बरसे पांच गोल
ह्यूस्टन में खेले गए ग्रुप एफ के मुकाबले में नीदरलैंड ने शुरुआत से ही स्वीडन पर दबाव बनाए रखा। ब्रायन ब्रॉबी ने दो गोल कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। इसके बाद कॉडी गाक्पो ने भी दो गोल दागे और स्वीडिश डिफेंस की कमजोरियों का पूरा फायदा उठाया। क्राइसेंसियो समरविले ने एक और गोल जोड़कर स्कोर 5-1 कर दिया। स्वीडन की टीम पूरे मैच में बिखरी हुई नजर आई। इस बड़ी जीत के साथ नीदरलैंड ने ग्रुप में अपनी स्थिति मजबूत कर ली और अगले दौर की दौड़ में खुद को मजबूत दावेदार बना लिया।
जर्मनी ने दिखाई चैंपियन वाली वापसी, उन्दाव बने हीरो
टोरंटो में खेले गए ग्रुप ई के मुकाबले में आइवरी कोस्ट ने फ्रैंक कैसी के गोल की बदौलत बढ़त बना ली थी। पहले हाफ में जर्मनी दबाव में दिखी, लेकिन ब्रेक के बाद टीम का अंदाज बदल गया। कोच के बदलाव का असर दिखा और सब्स्टीट्यूट डेनिज उन्दाव ने 68वें मिनट में शानदार गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया। इसके बाद दोनों टीमों के बीच तेज मुकाबला देखने को मिला। इंजरी टाइम में उन्दाव ने दूसरा गोल कर जर्मनी को 2-1 की यादगार जीत दिला दी।
इस जीत के साथ जर्मनी ने लगातार दूसरा मुकाबला जीता और छह अंकों के साथ ग्रुप ई में शीर्ष स्थान हासिल करते हुए Last-16 में अपनी जगह पक्की कर ली। आइवरी कोस्ट को टूर्नामेंट में पहली हार का सामना करना पड़ा।
इक्वाडोर और कुराकाओ के बीच नहीं निकला कोई नतीजा
दिन के तीसरे मुकाबले में इक्वाडोर और कुराकाओ की टीमें गोल करने के लिए जूझती रहीं, लेकिन दोनों में से कोई भी जाल नहीं भेद सका। पहले हाफ में इक्वाडोर ने कुछ अच्छे मौके बनाए, मगर फिनिशिंग की कमी साफ दिखी। दूसरे हाफ में कुराकाओ ने भी जवाबी हमले किए, लेकिन गोलकीपरों ने शानदार बचाव किया। आखिरकार मुकाबला 0-0 की बराबरी पर खत्म हुआ। इस ड्रॉ के बाद दोनों टीमों के खाते में एक-एक अंक हैं और नॉकआउट में पहुंचने की उनकी उम्मीदें बेहद कमजोर हो गई हैं।
ग्रुप ई का समीकरण
जर्मनी छह अंकों के साथ ग्रुप में शीर्ष पर है और अगले दौर में पहुंच चुका है। आइवरी कोस्ट दूसरे स्थान पर है, जबकि इक्वाडोर और कुराकाओ एक-एक अंक के साथ तीसरे और चौथे स्थान पर हैं। अंतिम मुकाबलों में बाकी टीमों के लिए जीत ही एकमात्र विकल्प बचा है।






