
लखनऊ/मोहनलालगंज, 21 जून 2026:
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर राजधानी लखनऊ में जगह-जगह योग के रंग दिखाई दिए। डीएवी स्टेडियम में सनातनी पंजाबी महासभा और डीएवी मॉर्निंग वॉकर्स के संयुक्त तत्वावधान में सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किया गया, जबकि मोहनलालगंज क्षेत्र में स्कूलों, सामाजिक संगठनों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी उत्साह के साथ योग दिवस मनाया।
डीएवी स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में पंजाबी समाज के वरिष्ठ प्रतिनिधियों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। सनातनी पंजाबी महासभा के अध्यक्ष अनिल वर्मानी ने बताया कि संस्था हर साल अलग-अलग स्थानों पर योग दिवस का आयोजन करती है। इस बार के कार्यक्रम में पूर्व मंत्री और एमएलसी महेंद्र सिंह भी शामिल हुए। उन्होंने प्रतिभागियों के साथ योगाभ्यास किया और योग को बेहतर जीवनशैली का आधार बताते हुए इसके कई फायदे गिनाए।

योगाचार्य अजय मिश्रा ने प्रतिभागियों को विभिन्न योग क्रियाओं और प्राणायाम का अभ्यास कराया। कार्यक्रम के बाद पंजाबी व्यंजनों का भी स्वाद लिया गया। इसमें छोले-कुल्चे, बन मस्का, मट्ठा, मैंगो शेक और क्रीम रोल खास रहे। कार्यक्रम में वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय जौहर, संजय कतियाल, गोरे गुलाटी, विनोद रात्रा, राजकुमार बतरा, राकेश छाबड़ा, अजय पिपलानी, गौतम आहूजा, संजय मनीचा, नवीन सेठ, विजय छाबड़ा, नवीन अरोड़ा और अनिल गुलाटी समेत कई लोग मौजूद रहे।

मोहनलालगंज से एमएम खान के अनुसार सेंट फ्रांसिस इंटर कॉलेज और समाजसेवियों के संयुक्त तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। छात्र-छात्राओं और अभिभावकों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। छात्र अभिनव कुमार ने योग का महत्व बताया। सत्र का संचालन श्वेता त्रिवेदी ने किया। उन्होंने विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया। विद्यार्थियों ने योग मुद्राओं का प्रदर्शन किया और योग आधारित नृत्य प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में आकर्षण बढ़ाया।

भाजपा मंडल कार्यालय में भी कार्यकर्ताओं ने सामूहिक योगाभ्यास किया। मंडल अध्यक्ष ललित कुमार सिंह के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न योगासन और प्राणायाम किए। कार्यक्रम में जिला कार्यसमिति सदस्य दीपू बाजपेई, देवानंद शुक्ला, प्रभाकर सिंह, प्रांशु चौरसिया, अमर बहादुर सिंह, दिनेश सैनी, नवीन मिश्रा, संदीप सिंह, भवरेश्वर चौरसिया, तेजस सिंह, शिखर सिंह, विराट सिंह, दिलीप तिवारी, सज्जन सिंह, मनोज वर्मा, हरि प्रताप रावत और लवकुश चौरसिया समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। समापन के बाद प्रतिभागियों को फल, दही और जलेबी वितरित की गई।
वहीं सुजीत पाण्डेय मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से कार्यालय परिसर में योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अवधेश कुमार व डॉ. अजय पाण्डेय ‘सत्यम’ ने योग को भारत की गौरवशाली परंपरा बताते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।






