
सीतापुर, 22 जून 2026ः
यूपी के सीतापुर में सोमवार तड़के जिला प्रशासन ने सरकारी जमीन पर 21 साल पहले बने समाजवादी पार्टी के कार्यालय को बुलडोजर चलाकर जमींदोज कर दिया। कार्यालय का निर्माण 2500 स्क्वायर फीट जमीन पर हुआ था। टीम ने दो घंटे में ही पूरी कार्रवाई कर दी। इस दौरान अधिकारियों के साथ पुलिस बल तैनात रहा।
जानकारी के अनुसार 15 जनवरी 2005 को तत्कालीन नगर पालिका अध्यक्ष राधेश्याम जायसवाल ने टाउन हॉल की नजूल की जमीन समाजवादी पार्टी को कार्यालय के लिए आवंटित की थी। इसका किराया सिर्फ सौ रुपये तय हुआ था। इस पर एक हॉल और दो कमरे बनवाए गए थे। उस समय मुलायम सिंह यादव मुख्यमंत्री थे।
हालांकि कुछ ही महीनों में यह जमीन विवादों में आ गई। जांच में पता चला कि आवंटन में नियमों की अनदेखी की गई। इसके बाद नगर पालिका परिषद ने 14 अप्रैल 2005 को आवंटन निरस्त कर दिया। इसके बाद भी कार्यालय चल रहा था। सपा जिलाध्यक्ष छत्रपाल यादव को आठ जून 2025 को डीएम कोर्ट की तरफ से कार्यालय खाली करने का नोटिस भेजा गया था।
नोटिस की समय सीमा पूरी होने के बाद प्रशासन तड़के बुलडोजर लेकर सपा कार्यालय पहुंचा। प्रशासन की टीम ने कई बुलडोजरों से दो घंटे में कार्यालय को जमींदोज कर दिया। एसडीएम डॉ. जर्नादन कुमार और अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में कार्रवाई की गई। इस दौरान पुलिस कर्मी और पीएसी के जवान तैनात रहे। कार्रवाई के बाद मलबा भी हटा दिया गया।






