
एंटरटेनमेंट डेस्क, 24 जून 2026:
अभिनेत्री श्रद्धा कपूर की फिल्म ‘ईठा’ का टीजर रिलीज हो गया है। स्त्री 2 की सफलता के बाद फैंस उनकी अगली फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। सोशल मीडिया पर श्रद्धा की इस फिल्म को लेकर फैंस में चर्चा शुरू हो गई। ईठा में श्रद्धा कपूर मराठी लोककला की दिग्गज कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर का किरदार निभाती नजर आएंगी।
लोककला जगत की दिलचस्प कहानी
श्रद्धा का दमदार अंदाज और फिल्म की भावनात्मक कहानी दर्शकों का ध्यान खींच रही है। खास बात यह है कि फिल्म की कहानी एक ऐसी महिला कलाकार के संघर्ष और जुनून को दिखाती है जिसने विपरीत परिस्थितियों में भी हार नहीं मानी।

टीजर की शुरुआत एक तमाशा कार्यक्रम से होती है जहां दर्शकों की भारी भीड़ अपनी पसंदीदा कलाकार ईठा का इंतजार कर रही होती है। दूसरी ओर मंच के पीछे ईठा प्रसव पीड़ा से जूझ रही होती है। उसे समझाया जाता है कि उसकी हालत गंभीर है और मंच पर जाना उसकी जान के लिए खतरा बन सकता है।

इसके बावजूद वह हार नहीं मानती। बच्चे को जन्म देने के बाद वह फिर से मंच पर लौटने का फैसला करती है। इसी दौरान श्रद्धा कपूर का एक संवाद सुनाई देता है ‘पड़े-पड़े मरी तो बेचारी कहलाऊंगी और नाचते हुए मरी तो मिसाल बन जाऊंगी’। फैंस को ये संवाद खूब भा रहा है।
कौन थीं विठाबाई नारायणगांवकर
ये फिल्म महाराष्ट्र की प्रसिद्ध लावणी और तमाशा कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर के जीवन पर आधारित है। उन्होंने लोककला के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया और अपनी कला के दम पर देशभर में पहचान बनाई। उन्हें तमाशा जगत की सबसे प्रभावशाली कलाकारों में गिना जाता है। फिल्म में उनके जीवन के संघर्ष, सफलता और कला के प्रति समर्पण को बड़े पर्दे पर दिखाया जाएगा।
श्रद्धा कपूर के अलावा फिल्म में रणदीप हुड्डा, मोहम्मद जीशान अय्यूब और अनंत जोशी भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म का निर्देशन लक्ष्मण उतेकर ने किया है जिन्होंने इससे पहले छावा जैसी सफल फिल्म का निर्देशन किया था। मैडॉक फिल्म्स के बैनर तले बनी ईठा 28 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।






