
एंटरटेनमेंट डेस्क, 22 सितंबर 2026:
गुजरात के एकता नगर, केवड़िया में मंगलवार को 72वें National Film Awards का समारोह हुआ। सात दशक से ज्यादा के इतिहास में पहली बार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह दिल्ली से बाहर आयोजित किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भारतीय सिनेमा के वर्ष 2024 के लिए चुने गए विजेताओं को पुरस्कार दिए। समारोह में फिल्म जगत के कई बड़े सितारे शामिल हुए।
अनंत नाग को दादा साहेब फाल्के पुरस्कार
दिग्गज अभिनेता अनंत नाग को भारतीय सिनेमा में पांच दशक से ज्यादा के योगदान के लिए 2024 का दादा साहेब फाल्के पुरस्कार दिया गया। अनंत नाग ने 300 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है। उनका काम कन्नड़ के साथ कई दूसरी भारतीय भाषाओं की फिल्मों में भी रहा है। उन्हें 2025 में पद्म भूषण से भी सम्मानित किया गया था।

यामी गौतम, मम्मूटी व कार्तिक को बड़ा सम्मान
आर्टिकल 370 के लिए यामी गौतम को बेस्ट एक्ट्रेस का National Film Award मिला। वहीं ममूटी को ब्रह्मयुगम और कार्तिक आर्यन को चंदू चैंपियन के लिए संयुक्त रूप से बेस्ट एक्टर चुना गया। आर्टिकल 370 को बेस्ट फीचर फिल्म का पुरस्कार भी मिला।
कार्तिक आर्यन के साथ दिखे धनुष
72वें National Film Awards समारोह से पहले कार्तिक आर्यन और धनुष भी साथ नजर आए। चंदू चैंपियन में मुरलीकांत पेटकर की भूमिका के लिए कार्तिक को बेस्ट एक्टर का पुरस्कार मिला। धनुष को कैप्टन मिलर के लिए स्पेशल मेंशन दिया गया।

काकोरी को भी मिला पुरस्कार
काकोरी को बेस्ट बायोग्राफिकल, हिस्टोरिकल रिकंस्ट्रक्शन एंड कंपाइलेशन फिल्म का अवॉर्ड मिला। इस कैटेगरी में फिल्म के जरिए ऐतिहासिक घटनाओं और शख्सियतों से जुड़े विषय को सामने लाने वाले काम को सम्मान दिया गया।
संजय मिश्रा व मनोज मुंतशिर भी सम्मानित
मशहूर कोरियोग्राफर और रुपाली गांगुली के भाई विजय गांगुली को ‘स्त्री’ के गाने ‘आज की रात’ की कोरियोग्राफी के लिए अवॉर्ड मिला है। मनोज मुंतशिर को ‘मैदान’ के गाने ‘जाने दो’ के लिए बेस्ट लिरिक्स का नेशनल अवॉर्ड जीता है। फीचर फिल्म श्रेणी में तमिल फिल्म का सर्वश्रेष्ठ फिल्म पुरस्कार ‘रायन’ को मिला। पुरस्कार कावेरी कलानिधि ने ग्रहण किया। धनुष ने इस फिल्म को लिखा है। उन्होंने इसका निर्देशन भी किया है। उन्हें भी इसके लिए अवॉर्ड प्रदान किया गया। संजय मिश्रा को हिंदी फिल्म ‘भक्षक’ लिए सहायक भूमिका में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता से सम्मानित किया।

अब पर्यटन स्थलों पर होंगे National Film Awards
समारोह के दौरान केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों को अब देश के अलग-अलग हिस्सों में ले जाने की तैयारी है। उन्होंने राज्यों से अपने बेहतरीन पर्यटन स्थलों को अगले National Film Awards समारोहों के लिए प्रस्तावित करने को कहा।
फिल्म और पर्यटन को जोड़ने की कोशिश
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों को सिर्फ एक सम्मेलन कक्ष तक सीमित रखने के बजाय लोगों के करीब ले जाने की कोशिश है। केवड़िया के एकता नगर में समारोह आयोजित करने का मकसद फिल्म और पर्यटन को एक साथ जोड़ना भी है। उनका कहना है कि जब देश भर से फिल्म जगत की बड़ी हस्तियां किसी पर्यटन स्थल पर पहुंचती हैं तो उस जगह के बारे में ज्यादा लोगों को जानने और वहां जाने का मौका मिलता है।

चुने गए राज्य को आयोजन का मौका
मंत्री ने राज्यों से ऐसे पर्यटन स्थलों के प्रस्ताव भेजने को कहा है जहां आयोजन के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों। प्रस्ताव में उस पर्यटन स्थल के चहुंमुखी विकास की योजना भी शामिल करनी होगी। जिस राज्य का प्रस्ताव चुना जाएगा, वहां आने वाले समय में राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह आयोजित किया जा सकेगा।






