Uttarakhand

धामी करेंगे महिलाओं के सपने साकार… जानिए कितनों को मिलेगा योजना का लाभ

मंत्री रेखा आर्या ने कैंप कार्यालय में की समीक्षा बैठक, एकल महिला स्वरोजगार योजना में चयनित 211 महिलाओं को सीएम करेंगे धनराशि वितरित, 484 को पहले ही प्रथम किस्त की धनराशि हो चुकी जारी

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 24 जून 2026ः

एकल महिला स्वरोजगार योजना के तहत चयनित 211 महिलाओं को शीघ्र धनराशि मिलेगी। कार्यक्रम आयोजित कर सीएम धामी द्वारा यह धनराशि वितरित की जाएगी। ये बातें बुधवार को यमुना कॉलोनी स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कहीं। उन्होंने अधिकारियों को इस संबंध में पूरी तैयारी करने का निर्देश दिया।

मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि योजना के तहत पहले ही 484 महिलाओं को प्रथम किस्त की धनराशि जारी की जा चुकी है। इनमें से अधिकांश महिलाओं ने अपना स्वरोजगार शुरू कर दिया है। अब शेष 211 चयनित महिलाओं को भी जल्द धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए मुख्यमंत्री से समय मांगा गया है और कार्यक्रम आयोजित कर राशि वितरित की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को वर्तमान वित्तीय वर्ष के लिए भी एकल महिला स्वरोजगार योजना की विज्ञप्ति अगस्त तक जारी करने के निर्देश दिए। बताया कि वर्ष 2026-27 में इस योजना के माध्यम से 2000 महिलाओं को लाभान्वित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। बैठक में आठ अगस्त को आयोजित होने वाले महिला कार्यक्रम की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।

मंत्री ने बताया कि कार्यक्रम में राज्य के प्रतिष्ठित तीलू रौतेली पुरस्कार व आंगनबाड़ी सम्मान पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि दोनों पुरस्कारों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। अधिकारियों को चयन प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। इस मौके पर विभागीय सचिव चंद्रेश कुमार, निदेशक बंसीलाल राणा और मोहित चौधरी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

नंदा गौरा योजना की 19 करोड़ की राशि होगी डीबीटी

रेखा आर्या ने बताया कि नंदा गौरा योजना के तहत हरिद्वार और उत्तरकाशी जिले की चार हजार से अधिक बालिकाएं आवश्यक औपचारिकताएं समय पर पूरी नहीं कर पाने के कारण अब तक लाभ से वंचित थीं। इन सभी पात्र बालिकाओं के बैंक खातों में 25 जून को 19 करोड़ 22 लाख 78 हजार रुपये की धनराशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से भेजी जाएगी। इससे हजारों परिवारों को राहत मिलेगी और योजना का लाभ समय पर लाभार्थियों तक पहुंच सकेगा।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button