Hardoi City

मासूम बेटे की दुहाई दी, प्रेमी के साथ चली गई जिद्दी पत्नी, थाने से निकले पति ने की खुदकुशी

हरदोई में थाने में घंटों चली समझौते की कोशिश, पत्नी ने पति के साथ रहने से किया इनकार, घर से जेवर व कैश ले जाने का भी आरोप, हाईवे पर ट्रक के सामने कूदकर युवक ने दी जान

हरदोई, 25 जून 2026:

उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में एक परिवार उस समय बिखर गया, जब पत्नी ने थाने में समझौते के दौरान पति को छोड़कर अपने प्रेमी के साथ जाने का फैसला कर लिया। पत्नी के इस फैसले से आहत युवक ने थाने से निकलने के कुछ देर बाद हाईवे पर ट्रक के सामने कूदकर जान दे दी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। युवक की मां बेटे का शव देखकर बेसुध हो गई।

मामला माधौगंज थाना क्षेत्र के पड़रा लखनपुर गांव का है। यहां रहने वाला 30 वर्षीय चंद्रप्रकाश मजदूरी कर परिवार का गुजारा करता था। उसके परिवार में पत्नी राजकुमारी और डेढ़ साल का बेटा राज है।
परिजनों के मुताबिक राजकुमारी का गांव बोचनापुर निवासी राहुल से प्रेम संबंध था। कुछ समय पहले वह अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर चली गई थी। इस मामले में चंद्रप्रकाश ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। बुधवार को पुलिस राजकुमारी को थाने लेकर पहुंची, जहां दोनों पक्षों के बीच समझौते की कोशिश की गई।

थाने में चंद्रप्रकाश ने पत्नी को मनाने की काफी कोशिश की। उसने अपने छोटे बेटे का हवाला देते हुए परिवार बचाने की बात कही, लेकिन राजकुमारी पति के साथ जाने को तैयार नहीं हुई। उसने प्रेमी राहुल के साथ रहने का फैसला कर लिया। परिवार का आरोप है कि घर छोड़ते समय राजकुमारी अपने साथ जेवर और नकदी भी ले गई थी। चंद्रप्रकाश ने मेहनत- मजदूरी कर ये जेवर बनवाए थे।

परिजनों के अनुसार शाम करीब साढ़े सात बजे चंद्रप्रकाश थाने से बाहर निकला। कुछ देर बाद उसने बिल्हौर-कटरा हाईवे पर एक तेज रफ्तार ट्रक के सामने छलांग लगा दी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मां रामकली ने बताया कि बेटे ने परिवार बसाने के लिए दिन-रात मेहनत की थी, लेकिन सब कुछ एक झटके में खत्म हो गया।

माधौगंज पुलिस के मुताबिक महिला अपने पति के साथ जाने के लिए तैयार नहीं थी और प्रेमी के साथ चली गई। इसके बाद युवक थाने से बाहर निकल गया। बाद में उसके सड़क हादसे में मौत की सूचना मिली। ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच की जा रही है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button