
अनिल निषाद
अयोध्या, 26 जून 2026ः
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार को आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय,कुमारगंज पहुंचे। उन्होंने यहां चारपाई पर बैठ कर किसानों से संवाद किया। इसके बाद कृषि प्रदर्शनी में आधुनिक तकनीक की जानकारी ली। उन्होंने मखाने की खेती का भी निरीक्षण किया।

मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और सीएम योगी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश को कृषि आधारित विकास के जरिए राम राज्य की अवधारणा की ओर आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खेती और किसान ही देश की सबसे बड़ी ताकत हैं, क्योंकि अन्न, फल और सब्जियां खेतों में पैदा होती हैं।
मंत्री ने बताया कि भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद से तैयार उत्तर प्रदेश का वैज्ञानिक कृषि रोडमैप मुख्यमंत्री और प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही को सौंप दिया गया है। इसमें जलवायु परिवर्तन, घटते जलस्तर और बदलती परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए वर्ष 2047 तक किसानों को कौन सी फसल और किस तकनीक से खेती करनी चाहिए, इसका खाका तैयार किया गया है।
उन्होंने कहा कि खेत बचाओ अभियान के तहत मिट्टी की सेहत सुधारने, रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग और एकीकृत खेती जैसे मॉडलों को बढ़ावा दिया जा रहा है। मंत्री ने विश्वविद्यालय में किए जा रहे कृषि अनुसंधानों और नवाचारों की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र सरकार उत्तर प्रदेश के किसानों के हित में हर संभव सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख, कृषि वैज्ञानिक, छात्र एवं कृषि विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।






