Barabanki City

Barabanki : तंत्र-मंत्र करने वाले मौलवी ने युवक की जीभ काटी, मौत के बाद हुआ फरार

ताजिया रखने के बाद युवक को फोन कर घर से बुलाया, मृतक के परिवार ने मौलवी पर दर्ज कराया हत्या का केस, पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में लगीं, लंबे समय से मौलवी कर रहा था गोरखधंधा

बाराबंकी, 26 जून 2026:

बाराबंकी के टिकैतनगर क्षेत्र में ताजिया रखने के दौरान एक युवक की हत्या कर दी गई। परिवार का आरोप है कि तंत्र-मंत्र के नाम पर युवक को घर से बुलाया गया, फिर उसकी जीभ काट दी गई। ज्यादा खून बहने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मामला टिकैतनगर थाना क्षेत्र के सिहोरिया गांव का है। गांव में रहने वाले दुखीराम ने बताया कि गुरुवार रात परिवार के बाकी लोग गांव में ताजिया देखने गए थे। घर पर भाई सुकई एक छोटे बच्चे के साथ अकेला था। आरोप है कि गांव निवासी मैनुद्दीन ने फोन कर उसे घर के बाहर बुलाया, जहां पहले से खजुरी गांव का रहने वाला मौलवी गुल्ले हिदायत रसूल मौजूद था।

परिवार का आरोप है कि मौलवी ने मांस काटने वाले चापड़ से सुकई की जीभ काट दी। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी वहां से भाग चुके थे। जब तक परिवार के लोग लौटे, तब तक ज्यादा खून बहने की वजह से सुकई की मौत हो चुकी थी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि परिवार की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

परिवार का कहना है कि आरोपी मौलवी लंबे समय से इलाके में झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र करने का काम करता था। उनका आरोप है कि इसी बहाने उसने कई लोगों को अपने प्रभाव में ले रखा था। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button