Entertainment

कसाब का केस, टिकी थीं सबकी निगाहें… राजकुमार राव ने किया कानून का ‘प्रहार’

फिल्म प्रहार का टीजर जारी, मूवी में स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर उज्जवल निकम के किरदार में नजर आयेंगे राजकुमार राव, 7 अगस्त को सिनेमाघरों में होगी रिलीज

एंटरटेनमेंट डेस्क, 26 जून 2026:

राजकुमार राव की फिल्म ‘प्रहार- द उज्ज्वल निकम स्टोरी’ का टीजर रिलीज हो गया है जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। यह फिल्म उस कानूनी लड़ाई की कहानी को बड़े पर्दे पर उतारने जा रही है जिसने 26/11 मुंबई आतंकी हमले के बाद पूरे देश को भावनात्मक सूत्र में बांध दिया था।

फिल्म में राजकुमार राव वरिष्ठ सरकारी वकील उज्जवल निकम की भूमिका में नजर आयेंगे जिन्होंने आतंकवादी अजमल कसाब के खिलाफ अदालत में बहस की थी। मैडॉक फिल्म्स द्वारा जारी किए गए टीजर में अदालत के भीतर की बहस, न्याय व्यवस्था की जटिलताएं और 26/11 से जुड़े कई अहम पलों की झलक देखने को मिलती है।

सबूतों और दलीलों के बीच इंसाफ की लड़ाई

टीजर की शुरुआत अभिनेता राजकुमार राव के एक सवाल से होती है कि जब तस्वीरों और वीडियो में सब कुछ साफ दिखाई दे रहा था तब आखिर अजमल कसाब को सजा मिलने में इतना समय क्यों लगा? इसके बाद कहानी अदालत के गलियारों में पहुंचती है जहां कानूनी प्रक्रियाओं, सबूतों और दलीलों के बीच इंसाफ की लड़ाई आगे बढ़ती दिखाई देती है। टीजर में आतंकी हमलों की झलकियों के साथ केस से जुड़े कई महत्वपूर्ण क्षण भी देखने को मिलते हैं।
prahar-teaser-rajkummar-rao-ujjwal-nikam-story-release-date (2)

एक संवाद जो फैंस को भाया

वो पल जब अदालत में यह बताया जाता है कि 26/11 की रात घायल होने के बावजूद पुलिस अधिकारियों ने कसाब को मौके पर मारने के बजाय कानून के हवाले किया था। इसके बाद अदालत में राजकुमार का संवाद ‘क्योंकि यह भारत है’, टीजर का सबसे चर्चित पल बनकर उभरा। सोशल मीडिया पर दर्शक इस संवाद की खूब चर्चा कर रहे हैं और इसे भारतीय न्याय व्यवस्था एवं कानून के प्रति विश्वास का प्रतीक बता रहे हैं।
3

भावनाओं से जुड़ी कहानी है ‘प्रहार’

फिल्म को लेकर फैंस कह रहें है कि ‘प्रहार’ केवल कानूनी दलीलों और अदालत की कार्यवाही तक सीमित नहीं रहने वाली है। इसमें उन लोगों की भावनाओं, जिम्मेदारियों और दबावों को भी दिखाया जाएगा जो इस मुकदमे से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े थे। बताया जा रहा है कि फिल्म का बड़ा हिस्सा आतंकी अजमल कसाब के खिलाफ चले मुकदमे पर आधारित होगा।

राजकुमार राव का बदला अंदाज

राजकुमार राव इससे पहले कई गंभीर और चुनौतीपूर्ण किरदारों को पर्दे पर जीवंत कर चुके हैं लेकिन इस बार उनका रूप और प्रस्तुति दोनों अलग दिखाई दे रहे हैं। टीजर में उनका लुक, (बालों में सफेदी) बॉडी लैंग्वेज और संवाद अदायगी दर्शकों को प्रभावित करती नजर आ रही है। फिल्म में उनके साथ वामिका गब्बी, जयदीप अहलावत, सिकंदर खेर और तरुण शर्मा भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे।

 

निर्देशक अविनाश अरुण के निर्देशन में बनी ‘प्रहार- द उज्ज्वल निकम स्टोरी’ 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। टीजर को मिली शुरुआती प्रतिक्रिया को देखते हुए दर्शक मान रहे हैं कि ‘प्रहार’ बॉलीवुड की चर्चित फिल्मों में से एक बन सकती है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button