
गोरखपुर, 30 जून 2026:
गोरखपुर के पादरी बाजार चौराहे पर बन रहे निर्माणाधीन Flyover से सोमवार देर रात कंक्रीट का हिस्सा नीचे गिर गया। हादसे के समय सड़क से गुजर रहे स्कूटी सवार समेत करीब छह लोग इसकी चपेट में आ गए। सभी घायलों को इलाज के लिए भेजा गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी फैल गई और कुछ देर तक लंबा जाम लगा रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रात करीब 12 बजे फ्लाईओवर की छत की ढलाई का हिस्सा अचानक टूटकर सड़क पर आ गिरा। मलबे की चपेट में आए पादरी बाजार निवासी निखिल यादव, मोहनापुर निवासी विनय गौतम, शुभांकर समेत करीब छह लोग घायल हो गए। गिरते कंक्रीट और गिट्टी से सड़क पर गुजर रहे दोपहिया व चारपहिया वाहनों को भी नुकसान पहुंचा।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने निर्माण कार्य में लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया। राहगीरों का कहना था कि Flyover Construction के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे, जिससे लगातार दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
लोगों का आरोप है कि जब उन्होंने निर्माण स्थल पर मौजूद फर्म के कर्मचारियों से शिकायत की तो वहां मौजूद मुंशी और कुछ मजदूरों ने उनके साथ बदसलूकी की। इसके बाद मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर शाहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर मामला शांत कराया।
पुलिस ने सड़क पर फैले कंक्रीट, गिट्टी और मलबे को हटवाकर यातायात दोबारा सुचारू कराया। हादसे में घायल लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन नहीं किया जा रहा है। उनका आरोप है कि बिना पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के काम होने से हर दिन राहगीरों की जान जोखिम में पड़ रही है।






