Government policiesUttar Pradesh

प्रभु श्रीराम जानते हैं कि कौन सच्चा और कौन कर रहा राजनीति… रामपुर में गरजे योगी, विपक्ष पर तीखा हमला

मुख्यमंत्री ने 700 करोड़ रुपये की 102 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास किया, बोले- डबल इंजन सरकार में तुष्टिकरण नहीं, संतुष्टिकरण और सबका विकास प्राथमिकता

रामपुर, 30 जून 2026:

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को रामपुर दौरे के दौरान मिलक और बिलासपुर विधानसभा क्षेत्रों को 700 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली 102 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के बाद विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्ष, खासकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग 2017 से पहले कांवड़ यात्रा रोकते थे। त्योहारों पर बंदिशें लगाते और ‘जय श्रीराम’ बोलने वालों पर लाठी-गोली चलवाते थे, वही आज अपनी राजनीतिक जमीन खिसकती देख रामभक्ति की वकालत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता इनके दोहरे चरित्र को अच्छी तरह पहचान चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पहले प्रभु श्रीराम और श्रीकृष्ण के अस्तित्व पर सवाल उठाती थी लेकिन अब ‘राम सबके हैं’ कहकर अयोध्या जाने की बात कर रही है। उन्होंने ऐसे नेताओं की तुलना ‘कालनेमी’ के छल-कपट से करते हुए कहा कि प्रभु श्रीराम सब जानते हैं कि कौन सच्चा है और कौन केवल राजनीति कर रहा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को इस बात की पीड़ा है कि अयोध्याधाम, काशी विश्वनाथ धाम, विंध्यवासिनी धाम, मथुरा-वृंदावन, प्रयागराज और नैमिषारण्य जैसे धार्मिक स्थल भव्य स्वरूप में विकसित हो चुके हैं।
cm-yogi-adityanath-up-development-projects-opposition-attack-kanwar-yatra (2)

योगी ने आरोप लगाया कि 2017 से पहले सपा सरकार में रामपुर के गरीबों और वाल्मीकि समाज की जमीनों पर कब्जे होते थे। विकास केवल कुछ परिवारों तक सीमित था। बिजली वितरण में भी भेदभाव होता था। आज डबल इंजन सरकार बिना किसी भेदभाव के प्रदेश के सभी 75 जिलों में समान रूप से विकास और बिजली उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि अब इंटर कॉलेज, डिग्री कॉलेज, पॉलिटेक्निक और आईटीआई जैसी संस्थाएं जरूरत के अनुसार स्थापित की जा रही हैं। युवाओं के भविष्य से कोई खिलवाड़ नहीं कर सकता।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा शासन में भ्रष्टाचार और अराजकता के कारण उद्योग बंद हुए, किसान आत्महत्या को मजबूर हुए और सरकारी भर्तियां भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गईं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य नहीं अपितु देश की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है। खाद्यान्न, दुग्ध, चीनी और एथेनॉल उत्पादन में प्रदेश अग्रणी है। ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट’ योजना से रामपुर के पैच वर्क, जरी वर्क, वायलिन निर्माण और मेंथा उद्योग को नई पहचान मिली है।
3

उन्होंने कहा कि गोरखपुर-शामली इकोनॉमिक कॉरिडोर रामपुर से होकर गुजरेगा। इससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। शहर में सड़कों का चौड़ीकरण किया जा रहा है। बिलासपुर की रुद्रविलास चीनी मिल के पुनरुद्धार के लिए सर्वे रिपोर्ट मिलते ही धनराशि जारी की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार तुष्टिकरण नहीं बल्कि संतुष्टिकरण की नीति पर काम कर रही है। प्रदेश की 96 लाख एमएसएमई इकाइयों को सुरक्षा बीमा, गरीबों को राशन, उज्ज्वला गैस कनेक्शन, आयुष्मान भारत योजना का लाभ और जरूरतमंदों को मुख्यमंत्री राहत कोष से उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 की मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के लाभार्थियों को लैपटॉप, युवा उद्यमी योजना के लाभार्थियों को चेक, कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के पात्र परिजनों को अनुदान तथा सामाजिक विकास में विशेष योगदान देने वाले व्यापारियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह, कृषि राज्य मंत्री सरदार बलदेव सिंह औलख, विधायक राजबाला सिंह, आकाश सक्सेना, शफीक अहमद अंसारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button