Ayodhya

अब रात में जगमगाएगा अयोध्या का घंटाघर, लाल चौक की तर्ज पर बदलेगी शहर की पहचान

घंटाघर चौक और आचार्य नरेंद्र देव पार्क में लगेगी आर्किटेक्चरल एलईडी फसाड लाइटिंग, महापौर ने किया सौंदर्यीकरण कार्य का शुभारंभ, कृष्णानगर में जलभराव वाली गली ऊंची करने के निर्देश

अनिल निषाद

अयोध्या, 8 जुलाई 2026:

अयोध्या के ऐतिहासिक घंटाघर चौक और सिविल लाइन स्थित स्वतंत्रता स्मारक एवं आचार्य नरेंद्र देव पार्क का स्वरूप अब पूरी तरह बदलने जा रहा है। नगर निगम ने दोनों स्थलों को आधुनिक आर्किटेक्चरल एलईडी फसाड लाइटिंग से सजाने की शुरुआत कर दी है। बुधवार को घंटाघर चौक पर महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार के साथ सौंदर्यीकरण कार्य का शुभारंभ किया।

नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडेय ने बताया कि घंटाघर चौक को लाल चौक की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। इसके तहत घंटाघर पर अत्याधुनिक आर्किटेक्चरल एलईडी फसाड लाइटिंग लगाई जाएगी। इसे डीएमएक्स कंट्रोल सिस्टम से संचालित किया जाएगा। भवन की वास्तुकला को उभारने के लिए एलईडी स्ट्रिप और लाइनर लाइटिंग लगाई जाएगी जबकि नीचे से ऊपर की ओर अप-लाइटिंग की व्यवस्था भी की जाएगी।

इससे शाम और रात के समय घंटाघर चौक आकर्षक रोशनी से जगमगाएगा। स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों के लिए भी प्रमुख आकर्षण बनेगा।इसी योजना के तहत सिविल लाइन स्थित आचार्य नरेंद्र देव पार्क को भी फसाड लाइटिंग से सजाकर नया स्वरूप दिया जाएगा। इस दौरान महापौर और नगर आयुक्त ने कृष्णानगर फेस-2 कॉलोनी का निरीक्षण भी किया। स्थानीय रामशेखर की शिकायत पर जलभराव से प्रभावित गली का जायजा लेने के बाद अधिकारियों ने निर्माण विभाग को गली का स्तर ऊंचा कर जल्द निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।

इससे वर्षों पुरानी जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा। कार्यक्रम में पूर्व उपसभापति राजेश गौड़, पार्षद अनिल सिंह, विशाल पाल, धर्मवीर, सोमू यादव, अजय पांडेय, भाजपा नेता आलोक द्विवेदी, संग्राम सिन्हा, नगर निगम के सहायक अभियंता राजपति यादव समेत कई लोग मौजूद थे।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button