Uttarakhand

Ramnagar-Dehradun Express को हरी झंडी, पर्यटन व कारोबार को मिलेगी रफ्तार

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव व सीएम धामी ने वर्चुअली दिखाई हरी झंडी, सप्ताह में दो दिन चलेगी नई एक्सप्रेस, काशीपुर, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार होते हुए देहरादून पहुंचेगी, यात्रियों की संख्या बढ़ी तो रोजाना संचालन पर होगा विचार

देहरादून, 18 जुलाई 2026:

उत्तराखंड को शनिवार को नई रेल सेवा की सौगात मिली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वर्चुअल कार्यक्रम के जरिए रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर नियमित संचालन की शुरुआत की। फिलहाल यह ट्रेन सप्ताह में दो दिन चलेगी। सरकार का कहना है कि इससे कुमाऊं और गढ़वाल के बीच सफर पहले से ज्यादा आसान होगा और पर्यटन, कारोबार, शिक्षा समेत कई क्षेत्रों को फायदा मिलेगा।

कुमाऊं और गढ़वाल के बीच बढ़ेगी कनेक्टिविटी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह सिर्फ नई ट्रेन नहीं, बल्कि उत्तराखंड के दो बड़े मंडलों को जोड़ने वाली नई जीवनरेखा है। उन्होंने कहा कि इस रेल सेवा से लोगों का सफर आसान होगा और प्रदेश में विकास की रफ्तार को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताते हुए कहा कि पिछले कुछ वर्षों में उत्तराखंड में रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर का तेजी से विस्तार हुआ है। नई ट्रेन रामनगर से देहरादून के बीच काशीपुर, रोशनपुर, पीपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार होकर चलेगी। इससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के यात्रियों को भी सीधा रेल संपर्क मिलेगा।

ये भी पढ़ें:

छात्रों व कारोबारियों को मिलेगा फायदा

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई ट्रेन का सबसे अधिक लाभ छात्रों, कर्मचारियों, व्यापारियों, पर्यटकों और आम यात्रियों को मिलेगा। लोगों के लिए राजधानी देहरादून और हरिद्वार तक पहुंचना पहले से ज्यादा सुविधाजनक होगा। उन्होंने कहा कि भारतीय रेलवे आज आधुनिक तकनीक, सुरक्षा और बेहतर यात्री सुविधाओं के साथ तेजी से आगे बढ़ रही है। वंदे भारत और नमो भारत जैसी ट्रेनों ने देश की तकनीकी क्षमता को नई पहचान दी है।
ramnagar-dehradun-express-train-flagged-off-ashwini-vaishnaw-cm-dhami-uttarakhand (2)

ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का भी जिक्र करते हुए कहा कि यह परियोजना अंतिम चरण में है और पूरी होने के बाद उत्तराखंड के धार्मिक, सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश को वर्ष 2026-27 में रेलवे विकास के लिए रिकॉर्ड 4,769 करोड़ रुपये का बजट मिला है, जबकि करीब 39 हजार करोड़ रुपये की रेल परियोजनियों पर काम चल रहा है।

रोजाना संचालन पर भी विचार

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि उत्तराखंड में रेल नेटवर्क मजबूत करने के लिए लगातार नई योजनाओं पर काम किया जा रहा है, यदि रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस में यात्रियों की संख्या उम्मीद के मुताबिक बढ़ती है तो भविष्य में इसे रोजाना चलाने पर भी विचार किया जाएगा। उनके मुताबिक यह ट्रेन गढ़वाल और कुमाऊं के बीच मजबूत कड़ी साबित होगी।

रेल मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को देश के अलग-अलग हिस्सों से जोड़ने के लिए 20 नई और विस्तारित रेल सेवाएं शुरू की गई हैं। साथ ही प्रदेश के 11 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण भी किया जा रहा है। उन्होंने रेलवे विस्तार के लिए राज्य सरकार के सहयोग की सराहना की।

पहली बार रामनगर और देहरादून के बीच एक्सप्रेस सेवा

15310/15309 रामनगर-देहरादून-रामनगर एक्सप्रेस हर बुधवार और शुक्रवार को सुबह 5:50 बजे रामनगर से रवाना होकर दोपहर 12:40 बजे देहरादून पहुंचेगी। वापसी में यही ट्रेन दोपहर 3:55 बजे देहरादून से चलकर रात 11:30 बजे रामनगर पहुंचेगी। रामनगर और देहरादून के बीच यह पहली एक्सप्रेस ट्रेन होगी। इसके संचालन से नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, हरिद्वार, देहरादून, मुरादाबाद और बिजनौर के लोगों को सीधा फायदा मिलेगा। यात्री एक ही दिन में राजधानी या हरिद्वार जाकर अपना काम पूरा कर वापस लौट सकेंगे।

पर्यटन और तीर्थ यात्रा को भी मिलेगा बढ़ावा

नई रेल सेवा से जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क घूमने आने वाले पर्यटकों को राहत मिलेगी। इसके अलावा गिरिजा देवी मंदिर, सीतामढ़ी और सीतावनी जैसे धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों तक पहुंचना भी आसान होगा। हरिद्वार और देहरादून पहुंचने के बाद बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को भी बेहतर Rail Connectivity का लाभ मिलेगा।

इस ट्रेन में एसी सेकेंड, एसी थर्ड, एसी चेयर कार, स्लीपर, सेकेंड सीटिंग और जनरल श्रेणी के कोच लगाए गए हैं। कार्यक्रम में हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, विधायक दीवान सिंह बिष्ट, अरविंद पांडे और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी वर्चुअल माध्यम से शामिल रहे।

ये भी पढ़ें  पांच साल सरकार का जश्न : यूनिवर्सिटी में Dhami ने काटा केक, लॉन्च की Skill योजना, सम्मानित हुए मेधावी

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button