Uttarakhand

पहाड़ों में बारिश का कहर जारी, चारधाम यात्रा पर ब्रेक, उफनती नदी से 7 लोगों को सुरक्षित निकाला

पहाड़ों में लगातार बारिश के बीच कई जगह भूस्खलन से हालात बिगड़े, रेड और ऑरेंज अलर्ट के बाद प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर चारधाम यात्रा रोकी, देहरादून में SDRF ने नदी के बीच फंसे सात लोगों को सुरक्षित निकाला, मालदेवता-सिल्ला रोड भी भूस्खलन से बंद

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 20 जुलाई 2026:

उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन के साथ चारधाम यात्रा पर भी असर डाल दिया है। मौसम विभाग की ओर से कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी होने के बाद सरकार और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। चारधाम यात्रा मार्ग पर कई जगह भूस्खलन और रास्तों के बाधित होने की स्थिति को देखते हुए सोमवार को एहतियात के तौर पर यात्रा का संचालन कुछ समय के लिए रोक दिया गया। दूसरी ओर देहरादून में उफनती नदी के बीच बने टापू पर फंसे सात लोगों को एसडीआरएफ ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

सुरक्षा को देखते हुए चारधाम यात्रा पर लगी अस्थायी रोक

ये भी पढ़ें:

लगातार हो रही बारिश से बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री जाने वाले कई मार्गों पर भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। मौसम विभाग के अलर्ट और खराब हालात को देखते हुए गढ़वाल आयुक्त ने चारधाम यात्रा को फिलहाल अस्थायी रूप से रोकने के निर्देश दिए हैं। सभी संबंधित डीएम से कहा गया है कि यात्रा मार्गों पर जहां भी श्रद्धालु मौजूद हैं, उन्हें सुरक्षित स्थानों पर ठहराया जाए। जब तक सड़कें पूरी तरह सुरक्षित नहीं हो जातीं और मौसम में सुधार नहीं आता, तब तक किसी भी यात्री को आगे जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

यात्रियों तक सही जानकारी पहुंचाने के निर्देश

प्रशासन ने अधिकारियों से कहा है कि मीडिया और दूसरे माध्यमों के जरिए यात्रियों तक समय-समय पर सही जानकारी पहुंचाई जाए ताकि किसी तरह की अफवाह न फैले। अधिकारियों का कहना है कि यह फैसला केवल यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया गया है।
uttarakhand-heavy-rain-chardham-yatra-stopped-sdrf-rescue-dehradun (2)

मौसम सामान्य होने और रास्तों से खतरा खत्म होने के बाद चारधाम यात्रा फिर से शुरू कर दी जाएगी। तीर्थयात्रियों से अपील की गई है कि वे प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करें और मौसम साफ होने तक संबंधित जिला प्रशासन के निर्देशों का इंतजार करें।

संतला देवी के पास नदी में फंसे सात लोगों का रेस्क्यू

लगातार बारिश का असर देहरादून में भी देखने को मिला। रविवार को संतला देवी मंदिर के पास नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। नदी के बीच बने टापू पर सात लोग फंस गए और तेज बहाव के कारण बाहर निकलना उनके लिए संभव नहीं रहा। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट सहस्त्रधारा से उप निरीक्षक राजबर राणा के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम जरूरी उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। वहां नदी का बहाव काफी तेज था और चारों ओर पानी फैल चुका था।

तेज बहाव के बीच एसडीआरएफ का सफल अभियान

एसडीआरएफ ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। तेज बहाव, फिसलन भरे किनारों और मुश्किल हालात के बावजूद जवान विशेष रेस्क्यू उपकरणों की मदद से टापू तक पहुंचे। इसके बाद सभी सात लोगों को एक-एक कर सुरक्षित नदी पार कराई गई। रेस्क्यू किए गए लोगों में मुकेश, सुशील, प्रेम कुमार, रोशन गुप्ता, राजीव, पवन सिंह और सूरज साहनी शामिल हैं। सभी देहरादून के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं और सभी सुरक्षित हैं।
uttarakhand-heavy-rain-chardham-yatra-stopped-sdrf-rescue-dehradun (3)

कई इलाकों में बारिश से बढ़ी परेशानी

भारी बारिश के कारण मालदेवता-सिल्ला मोटर रोड पर बड़ा भूस्खलन हुआ, जिससे सड़क बंद हो गई। वहीं आईटी पार्क समेत शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। सड़कों पर पानी भरने से लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

प्रशासन ने लोगों से नदी, नालों और पहाड़ी क्षेत्रों के आसपास जाने से बचने की अपील की है। साथ ही कहा गया है कि मौसम विभाग की चेतावनियों और जिला प्रशासन की ओर से जारी अपडेट पर ही भरोसा करें। फिलहाल राज्यभर में राहत और बचाव एजेंसियां अलर्ट पर हैं और संवेदनशील इलाकों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

ये भी पढ़ें  पर्यटन विकास के लिए बनाएं पांच साल का रोडमैप, फेस्टिवल-कार्निवाल पर रहे फोकस

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button