
एमएम खान
मोहनलालगंज (लखनऊ), 27 जुलाई 2026:
मोहनलालगंज पुलिस ने नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में 70 वर्षीय मुख्य आरोपी समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने 16 वर्षीय किशोरी को घर से ले जाने के बाद अलग-अलग जगहों पर रखा। इसके बाद उसे PGI इलाके के एक होटल में ले जाया गया, जहां किशोरी के साथ तीन दिन तक दुष्कर्म किया गया।
17 जुलाई को घर से निकली थी किशोरी
पुलिस के मुताबिक 24 जुलाई को मोहनलालगंज थाने में शिकायत की गई थी। उसने बताया कि उसकी 16 वर्षीय ननद 17 जुलाई को बिना बताए घर से चली गई थी। परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। 23 जुलाई को जानकारी मिली कि दुर्गेश रावत और उसकी पत्नी खुशबू किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए थे और उसे अपने घर में रखा था।
बाइक से होटल ले गए, फिर आरोपी से मिलवाया
पूछताछ में सामने आया कि 18 से 20 जुलाई के बीच राबिया और उसका पति विनोद रावत किशोरी को बाइक से PGI इलाके के एक होटल में ले गए। वहां राबिया ने अपने परिचित द्वारिका रैदास निवासी असरफनगर डुढ़वा से उसकी मुलाकात कराई। आरोप है कि द्वारिका ने होटल में किशोरी के साथ तीन दिन तक दुष्कर्म किया।
केस दर्ज होने के बाद पुलिस ने शुरू की तलाश
शिकायत के आधार पर मोहनलालगंज थाने में दुष्कर्म, अपहरण और POCSO Act की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। रविवार देर रात किसान पथ के पास पूरनपुर गांव में दबिश दी। इस दौरान द्वारिका रैदास उम्र 70 वर्ष, विनोद रावत उम्र 20 वर्ष, दुर्गेश रावत उम्र 26 वर्ष, खुशबू उम्र 23 वर्ष और राबिया उम्र 18 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक सभी आरोपी मोहनलालगंज और बिजनौर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
मुख्य आरोपी के लिए पहले से तैयार था प्लान
पुलिस जांच के मुताबिक द्वारिका रैदास ने अन्य आरोपियों की मदद से किशोरी के साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। विनोद, दुर्गेश और खुशबू पर किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने, वाहन में बैठाने और अलग-अलग जगहों पर बंधक बनाकर रखने का आरोप है। पुलिस के अनुसार राबिया ने किशोरी को होटल में ठहराया, इसके बाद द्वारिका को वहां बुलाया। पुलिस का कहना है कि इस पूरी घटना में राबिया ने सक्रिय रूप से सहयोग किया।






