Uttarakhand

विकास के दावों की खुली पोल, 16 दिन में ही नए पुल की एप्रोच रोड धंसी, बिंदाल नदी की सुरक्षा दीवार ढही

देहरादून में बारिश बनी आफत, प्रेमनगर में टौंस नदी पर बने पुल की एप्रोच रोड पर 12 जुलाई से शुरू हुआ था यातायात, कार्यदायी संस्था मरम्मत में जुटी, मार्ग को जल्द यातायात के लिए बहाल करने का दावा, गोविंदगढ़ में दीवार ढहने से आसपास के मकानों को खतरा

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 28 जुलाई 2026ः

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में लगातार हो रही बारिश ने सरकारी निर्माण कार्यों और मानसून तैयारियों की पोल खोल दी है। नंदा की चौकी स्थित टौंस नदी पर करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से तैयार नए पुल की एप्रोच रोड 16 दिन में ही धंस गई। वहीं, गोविंदगढ़ वार्ड के शांति विहार में छोटी बिंदाल नदी की सुरक्षा दीवार भरभराकर ढह गई। दोनों घटनाओं ने निर्माण गुणवत्ता, निगरानी और सरकारी एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्रेमनगर में मंगलवार सुबह टौंस नदी पर बने नए पुल के क्षतिग्रस्त होने की खबर फैलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने निरीक्षण के बाद बताया कि मुख्य पुल सुरक्षित है, लेकिन भारी बारिश के कारण पुल की एप्रोच रोड के नीचे से मिट्टी बह जाने से सड़क का हिस्सा धंस गया है। फिलहाल संबंधित कार्यदायी संस्था मरम्मत में जुटी है और मार्ग को जल्द यातायात के लिए बहाल करने का दावा किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें:

यह घटना इसलिए भी सवालों के घेरे में है क्योंकि इसी पुल का निर्माण मार्च 2026 में शुरू हुआ था और करीब 16 करोड़ रुपये खर्च कर इसे हाल ही में तैयार किया गया। 12 जुलाई से इस पर यातायात शुरू हुआ था, लेकिन बारिश में एप्रोच रोड के धंस जाने से निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। उधर, गोविंदगढ़ के शांति विहार में छोटी बिंदाल नदी की सुरक्षा दीवार ढहने से कई मकानों पर खतरा मंडराने लगा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वे लंबे समय से नगर निगम से सुरक्षा दीवार के निर्माण और मरम्मत की मांग करते रहे, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई।

लोगों का कहना है कि नाले की सफाई के दौरान नगर निगम ने दीवार का हिस्सा तोड़ दिया था और बार-बार शिकायतों के बावजूद उसकी मरम्मत नहीं कराई गई। नतीजतन लगातार बारिश में दीवार का बड़ा हिस्सा नदी में समा गया और अब आसपास के मकानों की नींव तक खतरे में आ गई है।

सुबह से हो रही लगातार बारिश से टौंस, बिंदाल आदि नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। इसके चलते सायरन बजा कर नदियों के किनारे रहने वाले लोगों को अलर्ट किया गया है। बारिश के हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुबह स्कूलों में छुट्टी कर दी थी। इसके अलावा शहर आईटी पार्क, प्रिंस चौक समेत कई क्षेत्रों में जलभराव की समस्या से भी लोगों को जूझना पड़ रहा है।

डीएम डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि नंदा की चौकी स्थित टौंस नदी पर बने ब्रिज पर गड्ढा हो गया है। विभागीय अधिकारियों ने अगले तीन-चार घंटे में काम करके पुल को खोलने का दावा किया है। चीफ इंजीनियर पीडब्ल्यूडी और एसपीडब्ल्यूडी मौके पर मौजूद हैं। अधिकारी रिपोर्ट भी तैयार कर रहे हैं। साथ ही इसके लिए जो जिम्मेदार अधिकारी हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें  सरकार ने मनाया 'चार साल बेमिसाल' जश्न...धामी के रोड शो में बरसे फूल, कामकाज का रिपोर्ट कार्ड रखा

Anurag Chaturvedi

अनुराग चतुर्वेदी पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता, लेखन और संपादन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए खबरों को निष्पक्षता और गहराई के साथ जनता के सामने रखा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link