Entertainment

Children of God के Trailer में दिखी ट्रांसजेंडर जिंदगी की कहानी, इस दिन रिलीज होगी मूवी

बचपन से ही पहचान को लेकर ताने, उपहास और भेदभाव को दर्शाती है फिल्म, सच्ची घटना को बनाया गया कहानी का आधार, ट्रांसजेंडर समुदाय के भावुक पहलुओं को खास बनाता है म्यूजिक

एंटरटेनमेंट डेस्क, 28 जुलाई 2026:

शिरडी में साईं बाबा की नगरी के आध्यात्मिक माहौल के बीच हिंदी फिल्म Children of God का Trailer और Music Launch किया गया। फिल्म ट्रांसजेंडर समुदाय की जिंदगी, उनकी पहचान, संघर्ष और समाज में सम्मान के मुद्दे को कहानी के केंद्र में रखती है। फिल्म की टीम का कहना है कि इसके जरिए लोगों तक समानता, संवेदनशीलता और इंसानियत का संदेश पहुंचाने की कोशिश की गई है।

शिरडी में मौजूद रही पूरी फिल्म टीम

Trailer Launch के मौके पर फिल्म के निर्माता व अभिनेता ऑशिम खेत्रपाल, निर्देशक आशीष सक्सेना, आरती खेत्रपाल, राधिका खेत्रपाल समेत पूरी स्टारकास्ट व क्रू मौजूद रही। शिरडी में आयोजित इस कार्यक्रम को फिल्म की टीम ने खास मौके के तौर पर देखा। फिल्म के निर्माता व अभिनेता ऑशिम खेत्रपाल ने कहा कि Children of God को सिर्फ मनोरंजन के लिए तैयार नहीं किया गया है। कहानी इंसान की पहचान, सम्मान और समाज में उसकी जगह से जुड़े सवाल उठाती है। उनके मुताबिक किसी व्यक्ति की अहमियत उसकी पहचान से नहीं, बल्कि उसके इंसान होने से तय होनी चाहिए। शिरडी में साईं बाबा के आशीर्वाद के साथ Trailer Launch होना टीम के लिए भावुक पल रहा।

ये भी पढ़ें:

बचपन से भेदभाव झेलता है अमित

Children of God की कहानी अमित नाम के एक युवक के इर्द-गिर्द घूमती है। बचपन से ही उसे अपनी पहचान को लेकर ताने, उपहास और भेदभाव का सामना करना पड़ता है। हालात ऐसे बनते हैं कि वह परिवार से दूर हो जाता है। इसके बाद अमित ट्रांसजेंडर समुदाय के बीच अपनी जिंदगी को नए सिरे से समझने की कोशिश करता है। इसी सफर में वह खुद को अमिता के रूप में स्वीकार करता है। फिल्म उसकी पहचान को लेकर चलने वाले संघर्ष को भावनात्मक तरीके से सामने लाती है।

आशिम की मुलाकात बदल देती है जिंदगी

कहानी में आगे अमिता की मुलाकात आशिम नाम के एक ऐसे व्यक्ति से होती है, जो उसके लिए मार्गदर्शक की भूमिका निभाता है। वह उसे मुश्किल हालात से निकलकर आत्मविश्वास के साथ जिंदगी जीने की प्रेरणा देता है। फिल्म की कहानी इसी सफर के जरिए आत्मसम्मान, साहस, संघर्ष और Self Acceptance जैसे पहलुओं को सामने लाती है। सच्ची घटना से प्रेरित यह कहानी ट्रांसजेंडर समुदाय की सामाजिक चुनौतियों पर भी फोकस करती है।

ये कलाकार निभा रहे अहम किरदार

Children of God में ऑशिम खेत्रपाल के साथ आकाश वर्मा, राधिका खेत्रपाल, सार्थक कपूर, प्रिंस राजीव, एनके सिंह, भाव्या सिंह, राज चौधरी, रनेशा अग्रवाल, अभिषेक सिन्हा, शोभना खत्री और अन्नू शर्मा नजर आएंगे। निर्देशक आशीष सक्सेना ने फिल्म को संवेदनशील कहानी के तौर पर पेश किया है। फिल्म में ट्रांसजेंडर समुदाय की पहचान, सामाजिक स्वीकार्यता व निजी संघर्ष को कहानी के अहम हिस्से के तौर पर रखा गया है।

11 सितंबर को रिलीज होगी फिल्म

Children of God को 11 सितंबर 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। Trailer Launch के बाद अब फिल्म की रिलीज को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ी है। फिल्म की कहानी ट्रांसजेंडर समुदाय के सम्मान, समानता और सामाजिक स्वीकार्यता जैसे मुद्दों पर केंद्रित है।

ये भी पढ़ें  हॉलीवुड स्टार हीरो ब्रैड पिट की फिल्म F1 ने रचा इतिहास, केवल दो हफ़्तों में कमा डाले 2,656 करोड़

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button