
राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 28 जुलाई 2026ः
उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने चारधाम यात्रा दो दिनों के लिए रोक दी है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। वहीं, देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस को अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया है। भूस्खलन की आशंका को देखते हुए पुलिस लगातार लोगों से सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील कर रही है। उधर, हरिद्वार में बारिश के कारण अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप के अनुसार मौसम सामान्य होने के बाद ही चारधाम यात्रा दोबारा शुरू करने पर निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन की आशंका बनी हुई है और चारधाम मार्गों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। वहीं, एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पूरे जिले की पुलिस हाई अलर्ट पर है। सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमें संवेदनशील स्थानों, नदी-नालों और जलभराव वाले इलाकों में लगातार गश्त कर रही हैं।
लोगों को गंगा के किनारों से दूर रहने की चेतावनी
लोगों को नदी-नालों और गंगा के किनारों से दूर रहने की चेतावनी दी जा रही है। साथ ही श्रीनगर बांध से पानी छोड़े जाने के कारण ऋषिकेश में गंगा का जलस्तर बढ़ गया है। इसे देखते हुए पुलिस ने गंगा घाटों पर सुरक्षा बढ़ा दी है और श्रद्धालुओं व स्थानीय लोगों से नदी के पास न जाने की अपील की है। कई संवेदनशील स्थानों से लोगों को हटाकर सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है। प्रशासन ने नागरिकों और यात्रियों से अपील की है कि वे मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें व अनावश्यक यात्रा से बचें।

भारी बारिश की संभावना, कुछ स्थानों पर बाढ़ का खतरा
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित करते हुए प्रदेश के कई क्षेत्रों में तेज गर्जना, आकाशीय बिजली चमकने व अत्यंत तीव्र बारिश की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार देहरादून, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी जनपद के कुछ स्थानों पर बाढ़ का खतरा भी बना हुआ है। इसमें उत्तरकाशी के सेलाकुई, विकासनगर, मसूरी, धानोल्टी, चिन्यालीसौड़, लच्छीवाला, डुंडा, भटवाड़ी और आसपास के क्षेत्र भी शामिल हैं। वहीं, सरकार ने देहरादून, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चमोली जनपदों में कक्षा एक से 12 तक के सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में आज अवकाश घोषित कर दिया।
अधिकारियों को अलर्ट रहने के दिए निर्देश
हरिद्वार में लगातार हो रही वर्षा के कारण डीएम मयूर दीक्षित ने सभी विभागीय अधिकारियों व संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को सतर्कता और अलर्ट मोड में कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखें व किसी भी प्रकार की आपात स्थिति, जलभराव, सड़क अवरुद्ध होने अथवा अन्य आपदा संबंधी घटना की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत व बचाव कार्य करें।

‘श्रद्धालु तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें’
डीएम ने कहा कि यदि किसी सरकारी या निजी संपत्ति को बारिश के कारण क्षति पहुंचती है तो उसका तत्काल आकलन कर सूचना जिला आपदा कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराएं। उन्होंने हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं से भी अपील की कि बारिश के चलते गंगा घाटों व नदी तटों पर विशेष सतर्कता बरतें। कहा कि तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें, प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। इसके अतिरिक्त नदी किनारे रहने वाले लोगों से भी विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।






