राजकिशोर तिवारी
ऊधमसिंह नगर, 1 अगस्त 2026ः
उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को खटीमा के लोहियाहेड हेलीपैड स्थित कैंप कार्यालय में जनता और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन से प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी तभी सार्थक होती है, जब आम नागरिक को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

सीएम धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत को संवेदनशीलता से लेते हुए उसका प्रभावी समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि के मूल मंत्र के साथ कार्य कर रही है। जनहित से जुड़े मामलों में अधिकारियों को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से क्षेत्र की विकास संबंधी आवश्यकताओं और जनहित के मुद्दों पर भी चर्चा की। कहा कि प्रदेश सरकार जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को गति देने में निरंतर प्रयासरत है।
मुख्यमंत्री ने खटीमा कैंप कार्यालय में दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को सहायता उपकरण वितरित किए। कार्यक्रम में 27 दिव्यांगजनों को 77 और 22 वरिष्ठ नागरिकों को 113 सहायक उपकरण प्रदान किए गए। इनमें बैटरी रिक्शा, व्हीलचेयर, ट्राई साइकिल, वॉकिंग स्टिक, सिलिकॉन कुशन, सीपी चेयर आदि शामिल रहे। इसके अलावा ग्रामोत्थान रीप योजना के तहत नारी शक्ति ग्राम संगठन गदरपुर और सत्यमेव जयते सीएलएफ बाजपुर को बोलेरो और एकता सीएलएफ गदरपुर को फूड वैन की चाबी भी सीएम ने सौंपी।





