
लखनऊ, 2 अगस्त 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ की जानकीपुरम योजना स्थित जनेश्वर इंक्लेव अपार्टमेंट के निवासियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने अपार्टमेंट के अनुरक्षण और प्रबंधन की जिम्मेदारी आधिकारिक रूप से रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) को सौंप दी है। इसके साथ ही आरडब्ल्यूए को 5.52 करोड़ रुपये से अधिक का कॉर्पस फंड एफडीआर के रूप में और अनुरक्षण कार्यों के लिए 10 लाख रुपये की राशि भी उपलब्ध कराई गई है।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों को प्राधिकरण कार्यालय में आमंत्रित कर हैंडओवर पत्र सौंपा गया। एलडीए के उप सचिव माधवेश कुमार ने बताया कि जानकीपुरम योजना के सेक्टर-जे (विस्तार) स्थित जनेश्वर इंक्लेव अपार्टमेंट में पांच टावरों में 525 फ्लैट हैं। निर्माण पूरा होने के बाद से अब तक अपार्टमेंट के अनुरक्षण की जिम्मेदारी एलडीए निभा रहा था।
उपाध्यक्ष के निर्देश पर अपार्टमेंट के आवंटियों के बीच लोकतांत्रिक प्रक्रिया से चुनाव कराकर रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशन का गठन किया गया। आरडब्ल्यूए की अध्यक्ष नेहा श्रीवास्तव, सचिव श्रीप्रकाश मिश्रा तथा अन्य पदाधिकारियों को प्राधिकरण भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अपर सचिव सीपी त्रिपाठी और ज्ञानेन्द्र वर्मा ने हैंडओवर पत्र सौंपा।
अपर सचिव सीपी त्रिपाठी ने कहा कि अनुरक्षण कार्यों की जिम्मेदारी आरडब्ल्यूए को मिलने से सोसाइटी के निवासियों को सीधा लाभ होगा। उन्होंने कहा कि स्थानीय निवासी अपनी समस्याओं और जरूरतों को बेहतर ढंग से समझते हैं, इसलिए उनकी चुनी हुई समिति द्वारा रखरखाव किए जाने से शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित हो सकेगा।
हैंडओवर प्रक्रिया के तहत आरडब्ल्यूए को 5,52,04,406 रुपये का कॉर्पस फंड एफडीआर के रूप में सौंपा गया है। इसके अलावा नियमित अनुरक्षण कार्यों के संचालन के लिए 10 लाख रुपये आरडब्ल्यूए के बैंक खाते में स्थानांतरित किए गए हैं। इस अवसर पर मुख्य अभियंता मानवेंद्र सिंह, अधिशासी अभियंता मनीष कुलश्रेष्ठ, सहायक अभियंता विनीत कुमार सहित एलडीए के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।






