Lucknow CityPoliticsUttar Pradesh

UP विधानसभा में हंगामे पर भड़के CM योगी, बोले- सपा ने युवाओं, किसानों व महिलाओं के हितों संग किया अन्याय

59 हजार करोड़ रुपये से अधिक के अनुपूरक बजट पर चर्चा नहीं होने का ठीकरा विपक्ष पर फोड़ा, कहा- लोकतंत्र और विकास विरोधी चेहरा फिर आया सामने

लखनऊ, 5 अगस्त 2026:

यूपी विधानसभा के मानसून सत्र में भारी हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। प्रेस वार्ता में मुख्यमंत्री ने विपक्ष के रवैये को अलोकतांत्रिक और असंवैधानिक बताते हुए कहा कि विधानसभा की कार्यवाही को बाधित कर प्रदेश के युवाओं, किसानों, महिलाओं और गरीबों के हितों के साथ अन्याय किया गया है।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सरकार मानसून सत्र के दौरान युवाओं के रोजगार और कौशल विकास, किसानों के हित, महिलाओं के सम्मान और स्वावलंबन तथा गरीबों के कल्याण से जुड़ी कई नई योजनाओं और कार्यक्रमों को आगे बढ़ाना चाहती थी। इसके लिए सरकार 59 हजार करोड़ रुपये से अधिक का अनुपूरक बजट लेकर आई थी लेकिन समाजवादी पार्टी के लगातार हंगामे के कारण इन महत्वपूर्ण विषयों पर सदन में सार्थक चर्चा नहीं हो सकी।

उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने एक बार फिर अपना लोकतंत्र और विकास विरोधी चेहरा दिखाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा का आचरण युवा विरोधी, किसान विरोधी, महिला विरोधी और गरीब विरोधी है। उन्होंने कहा कि सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, रसोइयों, ग्राम चौकीदारों सहित विभिन्न वर्गों के मानदेय में वृद्धि, महिला पेंशन, दिव्यांगजन पेंशन और वृद्धावस्था पेंशन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा कर निर्णय लेना चाहती थी लेकिन विपक्ष के नकारात्मक रवैये ने इसमें बाधा उत्पन्न की।

ये भी पढ़ें:

योगी ने यह भी स्पष्ट किया कि हंगामे के बावजूद विधानसभा ने अनुपूरक मांगों को पारित कर दिया है। सरकार जल्द ही इन सभी वर्गों के हित में प्रस्तावित योजनाओं और फैसलों को लागू करेगी।
मालूम हो कि यूपी विधानसभा के मानसून सत्र में पेश किए गए अनुपूरक बजट पर लगातार हंगामे के कारण चर्चा नहीं हो सकी। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना को कार्यवाही दो बार स्थगित करनी पड़ी। बाद में सदन दोबारा शुरू होने पर भी समाजवादी पार्टी के सदस्य हंगामा करते रहे।

Advertisement

इस बीच कई महत्वपूर्ण विधेयक पेश किए गए लेकिन गतिरोध खत्म न होने पर विधानसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई। इस घटनाक्रम ने प्रदेश की राजनीति में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव को और तेज कर दिया है।

ये भी पढ़ें  गोरखपुर : मस्जिद पर चल सकता है जीडीए का बुलडोजर… दूसरे पक्ष ने कही ये बात

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link