रायबरेली में पुलिस की ज्वेलर्स चोरी गिरोह के बदमाशों से मुठभेड़, दो के पैर में मारी गोली
ग्राम लोनियन का पुरवा में शारदा नहर पुल के पास की घेराबंदी, पांच आरोपी गिरफ्तार, आभूषण, कार, दो तमंचे व कारतूस बरामद, मिल एरिया क्षेत्र में ज्वेलर्स की दुकानों और अमेठी के मोहनगंज क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं में थे शामिल

विजय पटेल
रायबरेली, 7 अगस्त 2026ः
रायबरेली में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मिल एरिया पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के बाद पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया। इसमें से दो पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार बदमाशों के कब्जे से दो तमंचे, कारतूस, एक कार और करीब 12.80 किलोग्राम सफेद धातु के आभूषण बरामद किए गए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की रात ग्राम लोनियन का पुरवा स्थित शारदा नहर पुल के पास बदमाशों की घेराबंदी की गई। पुलिस का दावा है कि संदिग्धों ने घिरने पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके जवाब में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि तीन अन्य को घेरकर गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक बरामद आभूषण थाना मिल एरिया क्षेत्र के तकिया चौराहा स्थित ज्वेलर्स की दुकानों और अमेठी के मोहनगंज थाना क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं से संबंधित हैं। पकड़े गए बदमाश में शिवकुमार, बबलू, राकेश उर्फ छोटे, लवकुश और सागर वर्मा शामिल हैं, जबकि एक अन्य बदमाश सतीश फरार है। एएसपी आलोक सिंह ने बताया कि सभी बदमाशों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। ये सभी दोनों चोरी की घटनाओं में शामिल थे। शिव कुमार के दाहिने और बबलू के बांए पैर में गोली लगी है।

शिवकुमार और बबलू पेन्दरई थाना महोली, सीतापुर के रहने वाले हैं। राकेश उर्फ छोटे का हाल पता तेंदुआ थाना मितौली, लखीमपुर है, लेकिन स्थायी पता पेन्दरई थाना महोली, सीतापुर है। लवकुश लोनियन का पुरवा थाना कोतवाली नगर, सीतापुर का रहने वाला है। सागर वर्मा लालपुर सिकडिहा थाना महोली, सीतापुर का निवासी है। सतीश तारिनपुर थाना कोतवाली नगर, सीतापुर का निवासी है।






