Ayodhya

चढ़ावा चोरी के बाद राम मंदिर में बड़ा डिजिटल बदलाव… अब हर भुगतान पर नजर, CEO की नियुक्ति अंतिम दौर में

राम जन्मभूमि ट्रस्ट में लागू होगा ERP सिस्टम, खरीद से टेंडर और बिल से भुगतान तक सब कुछ होगा ऑनलाइन, CEO पद के लिए आवेदनों की स्क्रीनिंग पूरी, चयनित अभ्यर्थियों का होगा साक्षात्कार

अनिल निषाद

अयोध्या, 9 अगस्त 2026:

रामनगरी अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावा चोरी प्रकरण के बाद अब श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट अपनी वित्तीय और प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रहा है। ट्रस्ट में अब ERP (एंटरप्राइज रिसोर्स प्लानिंग) सिस्टम लागू किया जाएगा। नई डिजिटल व्यवस्था के तहत खरीद प्रक्रिया, टेंडर, बिल, भुगतान, स्टॉक, अनुबंध और लेखा समेत तमाम प्रशासनिक गतिविधियां एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर संचालित की जाएंगी।

ERP लागू होने के बाद किसी भी भुगतान की प्रक्रिया शुरुआत से लेकर अंतिम स्वीकृति तक ऑनलाइन रिकॉर्ड में रहेगी। निर्धारित प्रक्रिया और जरूरी अनुमोदन के बिना कोई बिल भुगतान के लिए आगे नहीं बढ़ सकेगा। यानी ट्रस्ट में होने वाले हर वित्तीय लेनदेन का डिजिटल ट्रेल उपलब्ध रहेगा। इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और जिम्मेदारी भी तय की जा सकेगी।

ये भी पढ़ें:

नई व्यवस्था के तहत ट्रस्ट के अधिकृत अधिकारी किसी भी समय ऑनलाइन माध्यम से भुगतान और वित्तीय लेनदेन की स्थिति की निगरानी कर सकेंगे। खरीद से भुगतान तक पूरी प्रक्रिया डिजिटल रिकॉर्ड में होने से भविष्य में ऑडिट और वित्तीय सत्यापन भी अधिक प्रभावी तरीके से किया जा सकेगा। माना जा रहा है कि यह व्यवस्था वित्तीय अनियमितताओं की आशंका को कम करने के साथ ट्रस्ट के प्रशासनिक कामकाज को आधुनिक और जवाबदेह बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।

CEO पद के लिए चयनित अभ्यर्थियों का इंटरव्यू 12 को

दूसरी तरफ श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) की नियुक्ति की प्रक्रिया भी अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। ट्रस्ट की ओर से CEO पद के लिए चयनित अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 12 अगस्त को आयोजित किया जाएगा। इंटरव्यू के बाद योग्य उम्मीदवार के नाम पर अंतिम निर्णय लेकर उसे ट्रस्ट के CEO की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

देशभर से 5,400 अभ्यर्थियों ने किया आवेदन

CEO पद के लिए देशभर से करीब 5,400 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। आवेदन की अंतिम तिथि 18 जून निर्धारित थी। इसके बाद ट्रस्ट ने प्राप्त आवेदनों की स्क्रीनिंग शुरू की। इसमें शैक्षिक योग्यता, प्रशासनिक अनुभव और पद के लिए निर्धारित अन्य मानकों के आधार पर अभ्यर्थियों का मूल्यांकन किया गया।

स्क्रीनिंग में योग्य पाए गए अभ्यर्थियों को साक्षात्कार बुलावा

स्क्रीनिंग में योग्य पाए गए अभ्यर्थियों को अब साक्षात्कार के लिए बुलाया गया है। 12 अगस्त का इंटरव्यू CEO चयन की प्रक्रिया का निर्णायक चरण माना जा रहा है। नियुक्त होने वाला अधिकारी ट्रस्ट की प्रशासनिक, वित्तीय और प्रबंधन संबंधी व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

ये भी पढ़ें  Varanasi : दालमंडी की सूरत बदलने की शुरुआत, 221 करोड़ के सड़क चौड़ीकरण का भूमि-पूजन

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button