
प्रयागराज, 11 अगस्त 2026:
प्रयागराज के मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MNNIT) की एक BTech छात्रा ने कंप्यूटर साइंस विभाग के प्रोफेसर पर रेप का आरोप लगाया है। छात्रा की शिकायत पर शिवकुटी पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी प्रोफेसर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मेडिकल जांच कराने के साथ मामले की जांच में जुटी है।
पढ़ाई में मदद के बहाने बढ़ाया भरोसा
उड़ीसा की रहने वाली छात्रा ने पुलिस को बताया कि वह BTech थर्ड ईयर में पढ़ती है। सेकेंड ईयर के दौरान आरोपी प्रोफेसर सौगातो उसे माइक्रोप्रोसेसर विषय पढ़ाते थे। उसी दौरान कॉलेज के गेस्ट हाउस में प्रोफेसर की मुलाकात उसके माता-पिता से हुई थी। परिवार ने पढ़ाई में मदद की बात कही, जिसके बाद प्रोफेसर उनके संपर्क में आ गया। बाद में छात्रा उसके पास पढ़ाई के लिए जाने लगी।
परिवार लौटने के बाद शुरू की अश्लील हरकतें
छात्रा का आरोप है कि 6 अगस्त को परिवार के वापस जाने के बाद प्रोफेसर ने Snapchat पर उससे लगातार संपर्क करना शुरू किया। बातचीत के दौरान वह अश्लील बातें करने लगा और आपत्तिजनक संदेश भेजने लगा। छात्रा ने इन बातों का विरोध भी किया।
आवास पर बुलाकर दुष्कर्म का आरोप
शिकायत के मुताबिक 9 अगस्त को छात्रा लाइब्रेरी जा रही थी। रास्ते में प्रोफेसर मिला और पहले केबिन, फिर अपने आवास पर पढ़ाई के लिए बुलाया। छात्रा का आरोप है कि कमरे में पहुंचने के बाद प्रोफेसर ने उसके साथ जबरदस्ती की। विरोध करने पर कपड़े फाड़ दिए और रेप किया।

करियर खराब करने की दी धमकी
छात्रा का कहना है कि शोर मचाने पर आरोपी ने धमकी दी कि यदि उसने किसी को घटना बताई तो उसे फेल कर देगा, BTech की डिग्री रुकवा देगा और उसका करियर बर्बाद कर देगा। किसी तरह वहां से निकलने के बाद छात्रा ने पुलिस से शिकायत की।
केस दर्ज, आरोपी प्रोफेसर गिरफ्तार
शिवकुटी पुलिस ने छात्रा की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी प्रोफेसर को गिरफ्तार कर लिया गया है। छात्रा का मेडिकल कराया जा रहा है। पुलिस उसके बयान, उपलब्ध डिजिटल साक्ष्य समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपी को कोर्ट ले जाने के बाद जेल भेजा जाएगा।






