Whatsapp पर कोर्ट जैसी सुनवाई, RBI का लेटर भेजा, केस में फंसाने की धमकी देकर महिला से ठगे 13.50 लाख
Prayagraj News : साइबर ठगों ने महिला को मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंसाने की धमकी दी घर बैठे व्हाट्सएप कॉल पर ऑनलाइन सुनवाई का नाटक कर खुद को पुलिस अधिकारी बताया केस से छुटकारा दिलाने के नाम पर RBI का लेटर भेजकर बैंक खाते में जमा करा लिए 13.50 लाख

प्रयागराज, 10 अक्टूबर 2026:
Cyber Fraud : यूपी के प्रयागराज में साइबर ठगी के एक मामले में आरोपियों ने महिला को डराने के लिए सिर्फ पुलिस की धमकी का सहारा नहीं लिया, बल्कि व्हाट्सएप कॉल पर ऑनलाइन सुनवाई का नाटक भी किया, महिला को मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंसाने की बात कहकर घर में ही डिजिटल अरेस्ट कर लिया गया, इसके बाद केस से नाम हटाने के नाम पर रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया यानी RBI का लेटर भेजा गया, महिला ने आरोपियों के बताए बैंक खाते में 13.50 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।
ICICI बैंक खाते में मनी लॉन्ड्रिंग का पैसा आने का दावा
साइबर जालसाजी खुल्दाबाद क्षेत्र के लूकरगंज में रहने वालीं रचना चावला के साथ हुई। उनके मुताबिक उनके मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वालों ने खुद को दिल्ली के बाराखंभा थाने की पुलिस से जुड़ा बताया। फोन करने वाले ने दावा किया कि उनके नाम से ICICI बैंक में खाता खुला है, जिसमें संदीप कुमार से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस का पैसा आया है, महिला ने इस बारे में जानकारी होने से इनकार किया तो कॉल करने वाले ने कहा कि खाते में उनके आधार कार्ड का इस्तेमाल किया गया है।
दिल्ली पुलिस बताकर कॉल की, ऑनलाइन सुनवाई का किया नाटक
इसके बाद महिला के पास अलग-अलग नंबरों से व्हाट्सएप कॉल आने लगीं, कॉल करने वालों ने खुद को दिल्ली के बाराखंभा थाने की पुलिस से जुड़ा बताया, महिला को मुकदमे में फंसाने के साथ परिवार को जेल भिजवाने की धमकी दी गई, इसी दबाव के बीच आरोपियों ने व्हाट्सएप कॉल पर ही ऑनलाइन सुनवाई करने का नाटक किया, महिला को घर से बाहर निकले बिना डिजिटल अरेस्ट किए रखने का दावा किया गया।
RBI का लेटर भेजकर तय किया 13.50 लाख का जुर्माना
महिला को केस से बाहर निकालने के नाम पर आरोपियों ने रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया का लेटर भेजा, इसमें बैंक ऑफ इंडिया के एक खाते में 13.50 लाख रुपये जमा करने को कहा गया, शिकायत के अनुसार, धमकियों से घबराई महिला ने आरोपियों के बताए खाते में रकम ट्रांसफर कर दी, इस तरह ऑनलाइन सुनवाई के बाद ठगी की रकम जमा कराई गई।
आधार कार्ड के दुरुपयोग की भी शिकायत
रचना चावला ने बताया कि उन्होंने बैंक ऑफ इंडिया की सिविल लाइंस स्थित संगम पैलेस शाखा के अपने खाते से रकम भेजी थी, उन्होंने आरोपियों पर आधार कार्ड का गलत इस्तेमाल करने, पुलिस अधिकारी बनकर धमकाने, डिजिटल अरेस्ट के जरिए साइबर फ्रॉड करने का आरोप लगाया है। साइबर क्राइम थाने में शुक्रवार को एफआईआर दर्ज कर ली गई है।






