प्रयागराज, 8 अगस्त 2026:
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी शनिवार को प्रयागराज पहुंचे। वह एयरपोर्ट से सीधे स्वराज भवन आए, जहां पार्टी नेताओं ने उनका स्वागत किया। स्वराज भवन में नेताओं से मुलाकात के बाद राहुल गांधी केपी कॉलेज ग्राउंड में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में छात्रों से संवाद करेंगे। उनके दौरे को लेकर शहर में राजनीतिक माहौल भी गर्म हो गया।
छात्रों के बीच बेरोजगारी समेत कई मुद्दे उठाएंगे
एयरपोर्ट पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय आदि नेताओं ने स्वागत किया। कांग्रेस के मुताबिक कार्यक्रम में प्रदेश के 23 जिलों से छात्रों को बुलाया गया है। पार्टी का दावा है कि इसमें शामिल होने के लिए 2 लाख से ज्यादा छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। राहुल गांधी अपने संबोधन में बेरोजगारी, NEET पेपर विवाद, भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी, छात्रों पर लाठीचार्ज जैसे मुद्दों पर बात करेंगे।

कार्यक्रम के लिए बड़ा इंतजाम
केपी कॉलेज ग्राउंड में कार्यक्रम के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां की गई हैं। पंडाल, वीआईपी लाउंज, मेहमानों के लिए अलग स्टॉल, छात्रों के लिए चाय-पानी की व्यवस्था की गई है। कुछ छात्रों के लिए भोजन का इंतजाम भी रखा गया है। कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के लिए फ्री ई-रिक्शा की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
स्वागत के साथ पोस्टर वार भी दिखा
राहुल गांधी के दौरे से पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर में स्वागत वाले होर्डिंग और बैनर लगाए। दूसरी तरफ कई इलाकों में उनके विरोध में भी पोस्टर लगाए गए, जिनमें झारखंड के छात्रों, NEET और छात्र राजनीति को लेकर सवाल उठाए गए। पोस्टरों पर लिखा गया कि झारखंड के छात्रों के मुद्दे पर राहुल गांधी वहां क्यों नहीं जा रहे हैं।

कार्यकर्ताओं ने विरोधी पोस्टर फाड़े
राहुल गांधी के प्रयागराज पहुंचने के बाद शहर में लगाए गए विरोधी पोस्टरों को फाड़ दिया गया। पोस्टर किसने लगाए थे, यह साफ नहीं हो सका है। वहीं पोस्टर हटाए जाने के बाद शहर में सियासी चर्चा तेज हो गई। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार राहुल गांधी से घबरा गई है इसीलिए असली मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।






