
प्रयागराज, 26 सितंबर 2026:
यूपी के प्रयागराज में लखनऊ से आ रही रोडवेज बस तकनीकी खराबी के चलते हाईवे पर बंद हो गई। नवाबगंज क्षेत्र में कंजिया और कौड़िहार के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग पर बस रुकने के बाद चालक ने उसे दोबारा चलाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। रात और सुनसान जगह पर काफी देर तक बस खड़ी रहने से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई।
सुनसान जगह पर बस खराब होने से बढ़ी परेशानी
यह बस लखनऊ के चारबाग डिपो से प्रयागराज आ रही थी। रूट डायवर्जन के चलते बस को नवाबगंज से राष्ट्रीय राजमार्ग के रास्ते प्रयागराज लाया जा रहा था। रूट के मुताबिक इसे झूंसी होते हुए सीएमपी डिग्री कॉलेज के सामने बनाए गए अस्थायी बस अड्डे तक पहुंचना था।
इंतजार लंबा हुआ तो यात्रियों ने जताया विरोध
इससे पहले हाईवे पर ही बस खराब होने के बाद यात्रियों को काफी देर तक दूसरी सवारी का इंतजार करना पड़ा। रात का वक्त और सुनसान जगह होने व मौके पर तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने से यात्रियों में नाराजगी बढ़ गई। इसके बाद उन्होंने हंगामा कर अपनी परेशानी जताई और जल्द दूसरी बस उपलब्ध कराने की मांग की। ड्राइवर व कंडक्टर के हाथ-पांव फूल गए। अफरातफरी में अफसरों को सूचना दी गई।
परिवहन निगम ने घंटों बाद भेजी दूसरी बस
मामले की जानकारी अधिकारियों तक पहुंचने के बाद यूपी रोडवेज ने दूसरी बस का इंतजाम किया। दूसरी बस को मौके पर भेजकर यात्रियों को प्रयागराज रवाना कराया गया। क्षेत्रीय प्रबंधक रवींद्र कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी ली जा रही है। बस में तकनीकी खराबी किस वजह से आई, इसकी जांच कराई जाएगी।






