मेरठ, 8 अगस्त 2026:
श्रावण मास की दशमी पर शनिवार को मेरठ का कांवड़ मार्ग आस्था, उमंग और भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। चारों ओर गूंजते ‘हर-हर बम-बम’ के जयघोष के बीच सीएम योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ यात्रियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। गोरक्षपीठाधीश्वर के साथ रामायण धारावाहिक में भगवान राम की भूमिका निभाने वाले मेरठ के सांसद अरुण गोविल समेत तमाम जनप्रतिनिधियों ने भी कांवड़ियों पर गुलाब की पंखुड़ियां बरसाकर उनकी श्रद्धा को नमन किया। पूरे कांवड़ मार्ग पर हेलिकॉप्टर से भी पुष्पवर्षा की गई।
आयोजन स्थल पर पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हेलिकॉप्टर से कांवड़ यात्रा मार्ग का अवलोकन किया। उन्होंने अलग-अलग क्षेत्रों से हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे शिवभक्तों की आस्था को नमन किया और अधिकारियों को कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, सम्मान और सुविधाओं में किसी तरह की कमी न रहने देने के निर्देश दिए।

‘हर-हर बम-बम’ से गूंजा पश्चिमी यूपी
पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने शिवालयों की ओर बढ़ रहे कांवड़ियों के जयघोष से पूरा पश्चिमी उत्तर प्रदेश गुंजायमान रहा। कांवड़ मार्ग पर जगह-जगह शिवभक्तों के स्वागत और सेवा के लिए शिविर लगाए गए हैं। समाजसेवी और धर्मार्थ संगठन भी कांवड़ यात्रियों को भोजन, पेयजल और अन्य सुविधाएं उपलब्ध करा रहे हैं।
कांवड़ यात्रा की झांकियों ने भी श्रद्धालुओं का ध्यान खींचा। ‘बाबा के गण’ अलग-अलग स्वरूपों में नजर आए। कोई भोलेनाथ की भक्ति में झूमता दिखा तो कोई गणेश और कार्तिकेय के रूप में शिव परिवार के प्रति श्रद्धा जताता नजर आया। भूत-प्रेत के स्वरूप में सजे कलाकार भी रथ पर सवार रहे। ‘बम भोले’, ‘बम-बम-बम’ जैसे भक्ति गीतों पर श्रद्धालु जमकर थिरकते रहे। माहौल को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मोबाइल फोन से वीडियो और तस्वीरें बनाते दिखाई दिए।

चार-साढ़े चार करोड़ कांवड़ियों के पहुंचने का अनुमान
सीएम ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पावन कांवड़ यात्रा अब चरम की ओर बढ़ रही है। हरिद्वार की हर की पैड़ी से गंगाजल लेकर शिवभक्त पवित्र शिवालयों की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद से हरिद्वार के बीच सावन की शिवरात्रि तक करीब चार से साढ़े चार करोड़ शिवभक्तों के कांवड़ यात्रा में शामिल होने की उम्मीद है।
सीएम ने मुजफ्फरनगर के शिवचौक पर उमड़ रही भीड़ का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मेरठ में जनप्रतिनिधियों के साथ कांवड़ यात्रियों पर पुष्पवर्षा करने का अवसर मिला। बाबा औघड़नाथ मंदिर, गाजियाबाद के बाबा दूधेश्वर नाथ मंदिर और बागपत के पुरा महादेव मंदिर समेत दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब और हिमाचल प्रदेश से भी बड़ी संख्या में शिवभक्त इस यात्रा का हिस्सा बने हैं।
योगी ने कांवड़ यात्रा को भक्ति, समर्पण, सामाजिक एवं राष्ट्रीय एकता और समरसता का जीवंत उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि जाति, क्षेत्र और प्रांत की सीमाओं से ऊपर उठकर शिवभक्त सैकड़ों किलोमीटर की पैदल यात्रा कर रहे हैं। उनकी हर सांस शिव के नाम से जुड़ी है।

शिवरात्रि तक होती रहेगी पुष्पवर्षा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन पूरी मुस्तैदी से कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा और स्वागत में जुटा है। सेक्टर मजिस्ट्रेट से लेकर पुलिस के जोन, रेंज, जनपद और थाना स्तर तक के अधिकारी व्यवस्था संभाल रहे हैं। उन्होंने समाजसेवी और धर्मार्थ संगठनों का भी आभार जताया।
सीएम योगी ने कहा कि कांवड़ यात्रियों पर आज, कल और शिवरात्रि तक हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा की जाएगी। उन्होंने देवाधिदेव महादेव से प्रार्थना की कि सभी शिवभक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण हों और प्रदेश व देश में सुख, शांति एवं सौहार्द बना रहे।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद लक्ष्मीकांत वाजपेयी, प्रदेश के मंत्री सोमेंद्र तोमर व दिनेश खटीक, महापौर हरिकांत अहलूवालिया, विधान परिषद सदस्य अश्विनी त्यागी, पूर्व विधायक संगीत सोम, भाजपा नेता सुनील भराला समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।






