Uttar Pradesh

सांसद पप्पू यादव पर चप्पल फेंकने के आरोपियों का 7 किमी रोड शो, फूल-माला व ढोल-नगाड़ों से स्वागत

‘जय श्रीराम’ के नारों से गूंजा बुलंदशहर का नैथला, अखिलेश ने BJP पर साधा निशाना, जमानत पर रिहा होकर लौटे सुमित और हैप्पी शर्मा के स्वागत का वीडियो वायरल

न्यूज डेस्क, 8 अगस्त 2026:

बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव पर दिल्ली में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान चप्पल फेंकने के आरोपियों सुमित गिरी और हैप्पी शर्मा का बुलंदशहर में जोरदार स्वागत का मामला सुर्खियों में है। दोनों आरोपियों के बुलंदशहर से नैथला गांव तक करीब सात किलोमीटर लंबे रोड शो का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि ‘द हो हल्ला’ नहीं करता है।

बताया जा रहा है कि जमानत पर रिहा होने के बाद सुमित गिरी और हैप्पी शर्मा खुली जीप में सवार होकर नैथला गांव पहुंचे। रास्ते में कई स्थानों पर ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया। गांव पहुंचने पर फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया गया। वीडियो में दोनों के ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाते हुए घर पहुंचने और बारिश के बीच समर्थकों के डांस करने के दृश्य दिखाई दे रहे हैं। परिजनों ने दोनों को गले लगाकर स्वागत किया जबकि भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के भी मौजूद रहने का दावा किया जा रहा है।

इस पूरे घटनाक्रम पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने भाजपा सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा में अपराधियों की बलिहारी है, दोषियों के स्वागत की परंपरा जारी है।

Pappu Yadav Attack Accused Honored in Roadshow (1)

मालूम हो कि 2 अगस्त को दिल्ली में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान सुमित गिरी और उनके साथी हैप्पी शर्मा पर पप्पू यादव से सनातन धर्म के अपमान को लेकर सवाल पूछने और चप्पल फेंकने का आरोप लगा था। हैप्पी शर्मा बुलंदशहर के नैथला गांव के मूल निवासी और भाजपा बुलंदशहर ग्रामीण मंडल के उपाध्यक्ष बताए जाते हैं। वहीं सुमित गिरी सिकंदराबाद नगर के भाजपा पदाधिकारी बताए जा रहे हैं।

दोनों ने आरोप लगाया था कि भगवान श्रीराम के कथित अपमान को लेकर सवाल पूछने पर पप्पू यादव भड़क गए और उनके साथियों ने हमला किया। सुमित गिरी ने तिलकनगर थाने में पप्पू यादव और उनके साथियों पर मारपीट के साथ सोने की चेन और घड़ी लूटने का आरोप लगाते हुए तहरीर भी दी थी।

दरअसल, 31 जुलाई को संसद में पप्पू यादव द्वारा साधु के वेश में चंदा चोरी का नाटक किए जाने के बाद लखनऊ समेत कई शहरों में विरोध प्रदर्शन हुए थे। इसी दौरान एक हिंदूवादी नेता ने पप्पू यादव का सिर कलम करने वाले को 51 लाख रुपये इनाम देने का ऐलान किया था। अब आरोपियों के स्वागत का वीडियो सामने आने के बाद इस मामले ने एक बार फिर राजनीतिक तूल पकड़ लिया है।

ये भी पढ़ें  सुलतानपुर: गिरफ्तारी करने गई पुलिस टीम पर हमला, दो सिपाही घायल – दोस्तपुर में तनाव

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button