न्यूज डेस्क, 8 अगस्त 2026:
Google Maps अब केवल रास्ता बताने वाला ऐप नहीं रहेगा। कंपनी ने इसमें कई नए AI फीचर्स जोड़ने का ऐलान किया है, जिनकी मदद से यूजर खाना ऑर्डर करने, होटल खोजने, ट्रैवल प्लान बनाने और आसपास होने वाले इवेंट्स की जानकारी एक ही जगह पर हासिल कर सकेंगे। Google का मकसद Maps को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए एक स्मार्ट असिस्टेंट बनाना है।
अलग-अलग ऐप खोलने की जरूरत नहीं पड़ेगी
Google अपने Ask Maps फीचर का दायरा तेजी से बढ़ा रहा है। अब यूजर को अलग-अलग Food Delivery ऐप खोलने की जरूरत नहीं पड़ेगी। अगर कोई अपनी पसंद का खाना बताएगा तो AI उसके लिए अच्छे रेस्टोरेंट तलाश करेगा, डिश चुनकर कार्ट तक तैयार कर देगा। हालांकि अंतिम पेमेंट का फैसला यूजर ही करेगा।
पसंद व बजट का भी रखेगा ख्याल
Travel Planning को भी आसान बनाने के लिए Google Maps में Hotel Booking से जुड़े नए विकल्प जोड़े जा रहे हैं। ऐप यूजर की पसंद और बजट के हिसाब से होटल सुझाएगा, अलग-अलग वेबसाइटों की कीमतों की तुलना करेगा और बेहतर डील दिखाएगा। इसके साथ ही आसपास होने वाले कॉन्सर्ट, कॉमेडी शो या दूसरे Live Events की जानकारी भी देगा। जरूरत पड़ने पर टिकट बुक करने का लिंक भी उपलब्ध रहेगा।
Gmail और Google Calendar से जुटाएगा इनफार्मेशन
कंपनी ने Maps में Personal Intelligence फीचर भी शामिल किया है। यूजर की अनुमति मिलने पर यह Gmail और Google Calendar से जरूरी जानकारी लेकर उसी के हिसाब से सुझाव देगा। उदाहरण के तौर पर अगर Gmail में किसी कॉन्फ्रेंस का निमंत्रण है या Calendar में छुट्टियों की तारीख दर्ज है, तो Maps उस जगह के आसपास होटल, रेस्टोरेंट और घूमने की जगहों की जानकारी खुद दिखा देगा। इसके लिए अलग से सर्च करने की जरूरत नहीं होगी। Google फिलहाल इन AI फीचर्स को सबसे पहले अमेरिका में रोल आउट कर रहा है। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से भारत समेत दूसरे देशों के यूजर्स को भी यह अपडेट मिलना शुरू होगा।






