
लखनऊ/नोएडा, 4 अगस्त 2026:
यूपी को वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य की दिशा में सरकार अब डिजिटल क्रिएटिव इंडस्ट्री पर बड़ा दांव खेलने जा रही है। इसी कड़ी में यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) ने नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (जेवर) और प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय फिल्म सिटी के निकट अत्याधुनिक एवीजीएक्स-एक्सआर (Animation, Visual Effects, Gaming, Comics एवं Extended Reality) पार्क विकसित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
आधुनिक डिजिटल क्रिएटिव इकोसिस्टम से लैस होगा पार्क
यह परियोजना उत्तर प्रदेश को डिजिटल कंटेंट, एनिमेशन, गेमिंग और विजुअल इफेक्ट्स उद्योग का नया केंद्र बनाने के साथ-साथ वैश्विक निवेश आकर्षित करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है। योगी सरकार ने एवीजीएक्स-एक्सआर को प्रदेश के प्रमुख फोकस सेक्टर के रूप में चिन्हित किया है। इसी रणनीति के तहत विकसित होने वाला यह पार्क आधुनिक डिजिटल क्रिएटिव इकोसिस्टम से लैस होगा, जहां देश-विदेश की अग्रणी कंपनियां, स्टार्टअप्स, कंटेंट क्रिएटर्स और तकनीकी विशेषज्ञ एक ही परिसर में काम कर सकेंगे।
डिजिटल मीडिया व इमर्सिव कंटेंट डेवलपमेंट सेंटर भी होगा स्थापित
सरकार का उद्देश्य इस उभरते उद्योग को विश्वस्तरीय आधारभूत संरचना उपलब्ध कराकर उत्तर प्रदेश को डिजिटल मनोरंजन और तकनीकी नवाचार का प्रमुख गंतव्य बनाना है। प्रस्तावित पार्क में अत्याधुनिक एनिमेशन स्टूडियो, वीएफएक्स स्टूडियो, गेम डेवलपमेंट एवं गेम डिजाइन सेंटर, मोशन कैप्चर स्टूडियो, वर्चुअल प्रोडक्शन सुविधाएं, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित कंटेंट निर्माण केंद्र, एक्सटेंडेड रियलिटी (एक्सआर), वर्चुअल रियलिटी (वीआर) और ऑगमेंटेड रियलिटी (एआर) लैब विकसित की जाएंगी।
इसके अलावा डिजिटल मीडिया और इमर्सिव कंटेंट डेवलपमेंट सेंटर भी स्थापित किए जाएंगे, जहां फिल्मों, वेब सीरीज, गेमिंग, विज्ञापन, डिजिटल शिक्षा और वर्चुअल ट्रेनिंग जैसे क्षेत्रों के लिए आधुनिक कंटेंट तैयार किया जा सकेगा।
इस परियोजना की सबसे बड़ी ताकत इसकी लोकेशन होगी। पार्क को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) और प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय फिल्म सिटी के पास विकसित किया जाएगा। एयर कार्गो, यमुना एक्सप्रेसवे, बेहतर लॉजिस्टिक्स और वैश्विक कनेक्टिविटी का सीधा लाभ यहां स्थापित होने वाली कंपनियों को मिलेगा। इससे विदेशी निवेशकों, प्रोडक्शन हाउस, गेमिंग कंपनियों और तकनीकी संस्थानों के लिए उत्तर प्रदेश एक आकर्षक निवेश गंतव्य के रूप में उभरेगा।
नवाचार आधारित उद्यमों को भी मिलेगा बढ़ावा
एवीजीएक्स-एक्सआर पार्क के शुरू होने से प्रदेश में हजारों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है। एनिमेशन, गेमिंग, ग्राफिक्स, विजुअल इफेक्ट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट और डिजिटल मीडिया जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षित युवाओं की मांग बढ़ेगी। इसके साथ ही स्टार्टअप संस्कृति को नई ऊर्जा मिलेगी और नवाचार आधारित उद्यमों को भी बढ़ावा मिलेगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि फिल्म सिटी, जेवर एयरपोर्ट और एवीजीएक्स-एक्सआर पार्क का यह त्रिकोण उत्तर प्रदेश को डिजिटल कंटेंट और क्रिएटिव इंडस्ट्री का सबसे बड़ा केंद्र बनाने की क्षमता रखता है। यह परियोजना प्रदेश की औद्योगिक और तकनीकी पहचान को मजबूत करने के साथ ही भारत को वैश्विक एवीजीएक्स-एक्सआर हब बनाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हो सकती है।






