
बाराबंकी, 11 अगस्त 2026:
जैदपुर क्षेत्र में संचालित शकील कॉलेज ऑफ नर्सिंग में फीस वसूली के नाम पर छात्रों के शोषण का मामला सुर्खियों में आ गया है। कॉलेज के निदेशक एमएनए चौधरी ने पूर्व प्रिंसिपल सुनीता साहनी और उनके पति महेंद्र भिंडिया के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य आरोपों में FIR दर्ज कराई है।
छात्रों से अलग-अलग मद में वसूली का आरोप
बताया गया कि महराजगंज निवासी सुनीता साहनी 20 जून 2018 से 21 जनवरी 2025 तक कॉलेज में प्रिंसिपल रहीं। उनके पति महेंद्र भिंडिया पहले कंप्यूटर ऑपरेटर थे, बाद में प्रशासनिक जिम्मेदारी भी संभालने लगे। आरोप है कि दोनों ने एएनएम डिप्लोमा के छात्रों से एडमिशन फॉर्म, प्रैक्टिकल फीस, छात्रवृत्ति मंजूरी, अस्पताल ड्यूटी, डॉक्यूमेंटेशन, जुर्माना समेत कई मदों में तय शुल्क से अलग नकद रकम वसूली। शिकायत में कहा गया है कि यह रकम कॉलेज की जानकारी के बिना अपने पास रखी गई।
बैंक खाते में लाखों रुपये जमा कराने का भी आरोप
जैदपुर के बरौली मलिक स्थित इस कॉलेज में पढ़ने वाले छात्रों को परीक्षा में फेल करने की धमकी भी दी जाती रही। इसी के नाम पर वसूले गए 4.05 लाख रुपये बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में खाते में जमा कराए गए। आरोप है कि इसके अलावा भी अलग-अलग स्रोतों से करीब 41 लाख रुपये फीस के नाम पर वसूले गए।
पोल खुली तो इस्तीफा देकर छोड़ दिया कॉलेज
इस मामले पर निदेशक द्वारा आपत्ति जताई गई तो सुनीता साहनी ने इस्तीफा देकर कॉलेज छोड़ दिया। धीरे-धीरे निदेशक से बात करने से भी किनारा कर लिया। इसके बाद शिकायत पुलिस से की गई। निदेशक ने पुलिस को बताया है कि मामले से जुड़े बाकी सबूत जांच के दौरान उपलब्ध कराए जाएंगे। जैदपुर पुलिस का कहना है कि एफआईआर में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।






