
हरदोई, 14 अगस्त 2026:
हरदोई की सदर तहसील में शुक्रवार दोपहर Vigilance टीम ने राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) कमल किशोर सिंह को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि नक्शा दुरुस्तीकरण के बदले उन्होंने एक किसान से रुपये मांगे थे। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को केस दर्ज कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
किसान ने विजिलेंस टीम से की थी शिकायत
जानकारी के मुताबिक कमल किशोर सिंह के पास अहिरोरी और भदायल क्षेत्र का प्रभार था। रिश्वत की मांग से परेशान किसान ने लखनऊ की एंटी करप्शन (Vigilance) टीम से शिकायत की। जांच में शिकायत की पुष्टि होने के बाद टीम ने ट्रैप की योजना बनाई और शुक्रवार को पीड़ित को साथ लेकर सदर तहसील पहुंची।
रकम खुद न लेने की कोशिश, फिर भी पकड़े गए
कार्रवाई के दौरान कानूनगो ने किसान से कहा कि रुपये बाहर खड़े एक व्यक्ति को दे दिए जाएं। लेकिन पीड़ित ने सीधे 20 हजार रुपये कानूनगो को ही दिए। जैसे ही रकम उनके पास पहुंची, पहले से निगरानी कर रही Vigilance टीम ने इशारा मिलते ही उन्हें मौके पर पकड़ लिया।

कार्रवाई से तहसील में दिखा हड़कंप
गिरफ्तारी के बाद Vigilance टीम आरोपी कानूनगो को कोतवाली शहर ले गई। वहां जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी की गई। खबर फैलते ही सदर तहसील में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि कमल किशोर सिंह जनवरी 2027 में सेवानिवृत्त होने वाले थे। इससे पहले वह शाहाबाद और हरदोई शहर समेत कई अहम क्षेत्रों में तैनात रह चुके हैं। कुछ लेखपाल शहर कोतवाली पहुंचे, लेकिन वहां आरोपी के नहीं मिलने पर वापस लौट गए। बाद में उन्हें पता चला कि Vigilance टीम कानूनगो को सुरसा थाने ले गई है।






