
हरदोई, 16 अगस्त 2026:
यूपी के हरदोई जिले की शाहाबाद नगर पालिका कार्यालय से आउटसोर्सिंग से जुड़ी अहम पत्रावली गायब होने का मामला सामने आया है। अधिशासी अधिकारी सर्वेश कुमार की तहरीर पर पुलिस ने तत्कालीन अधिशासी अधिकारी केके सोनकर समेत अधिष्ठान लिपिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
लिपिक ने ईओ को फाइल देने की बात कही
अधिशासी अधिकारी का कहना है कि कार्यालय में आउटसोर्सिंग से संबंधित पत्रावली उपलब्ध नहीं है। इस बारे में अधिष्ठान लिपिक से जानकारी मांगी गई तो उसने बताया कि फाइल तत्कालीन ईओ केके सोनकर को दी गई थी। पत्रावली के बारे में दोबारा जानकारी मांगी गई, लेकिन उसका कोई स्पष्ट पता नहीं चल सका। इसके बाद नगर पालिका की ओर से मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस को तहरीर दी गई।
पहले भी रिश्वत के आरोप में गिरफ्तार हो चुके हैं पुराने ईओ सोनकर
पुलिस के मुताबिक तत्कालीन ईओ केके सोनकर को पहले भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार कर चुकी है। अब पत्रावली गायब होने के मामले में उनके खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है। बताया गया कि फाइल में आउटसोर्सिंग से होने वाले काम व लेनदेन का सारा ब्यौरा था। फाइल न मिलने से काम तो प्रभावित हो ही रहा है। घपले की आशंका से भी इंकार नहीं किया जा सकता है।






