Ayodhya

सितंबर तक पूरा होगा राम मंदिर परिसर का निर्माण कार्य, नृपेंद्र मिश्रा बोले- रामकथा संग्रहालय सबसे बड़ी चुनौती

भवन निर्माण समिति के अध्यक्ष पहुंचे अयोध्या, सर्किट हाउस में मीडिया से हुए रूबरू, कहा- वर्ष के अंत तक निर्माण से जुड़े सभी कार्य पूरे करने का लक्ष्य, 30 अक्टूबर तक कंपनियों के कर्मचारी हो जाएंगे रवाना

अनिल निषाद

अयोध्या, 20 अगस्त 2026ः

अयोध्या। एक तरफ राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर घमासान मचा हुआ है, वहीं मंदिर निर्माण से जुड़े कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच गए हैं। भवन निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा गुरुवार से शुरू होने वाली दो दिवसीय समीक्षा बैठक में शामिल होने के लिए बुधवार को अयोध्या पहुंचे थे और निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया था। आज सुबह सर्किट हाउस में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने बताया कि परिसर में चल रहे अधिकांश निर्माण कार्य 30 सितंबर तक पूरे कर लिए जाएंगे। मंदिर परिसर में अब कोई बड़ा निर्माण कार्य शेष नहीं है। उन्होंने कहा कि लक्ष्य है कि वर्ष के अंत तक निर्माण से जुड़े सभी कार्य पूरे कर लिए जाएं और कोई भी काम अधूरा न रहे। 30 अक्टूबर तक एलएंडटी व टाटा के कर्मचारी अयोध्या से रवाना हो जाएंगे।

संग्रहालय में बनाई जा रहीं 20 गैलरियां

ये भी पढ़ें:

भवन निर्माण समिति के अध्यक्ष ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय रामकथा संग्रहालय को निर्माण कार्यों में सबसे बड़ी चुनौती बताया गया है। संग्रहालय में 20 गैलरियां बनाई जा रही हैं। इनमें आधुनिक इमर्सिव तकनीक के माध्यम से भगवान राम के जीवन से जुड़े प्रसंग श्रद्धालुओं को दिखाए जाएंगे। गैलरी नंबर-7 में मंदिर परिसर के विभिन्न मंदिरों और निर्माणों का तकनीकी माध्यम से दर्शन कराने की योजना है। इसके अलावा गैलरी नंबर-17 में श्रीराम के वनगमन और नदियों से जुड़े प्रसंगों को प्रदर्शित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संग्रहालय की स्क्रिप्ट तैयार हो चुकी है और उसके आधार पर वीडियो निर्माण का काम भी चल रहा है। इस परियोजना में आईआईटी मद्रास के विशेषज्ञ भी सहयोग कर रहे हैं।

हुतात्मा कारसेवकों का स्मारक स्तंभ तैयार

नृपेंद्र मिश्रा ने बताया कि हुतात्मा कारसेवकों की स्मृति में बनाया जा रहा करीब 20 फीट ऊंचा स्मारक स्तंभ भी लगभग तैयार हो चुका है। इसके ढांचे पर ग्रेनाइट पत्थरों की करीब 15 लेयर की क्लैडिंग की गई है। अब इसके शीर्ष पर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का कांस्य मोनोग्राम लगाया जाना बाकी है। हुतात्मा कारसेवक उन भक्तों और स्वयंसेवकों को कहा जाता है, जिन्होंने 1990 के दशक में अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के आंदोलन के दौरान अपने प्राणों का बलिदान दिया था।

दिसंबर तक पूरी होगी बाउंड्रीवॉल

उन्होंने बताया कि राम मंदिर परिसर की बाउंड्रीवॉल का निर्माण दिसंबर तक पूरा होने की उम्मीद है। इसके बाद सुरक्षा उपकरणों की स्थापना में करीब दो महीने का समय और लग सकता है। मंदिर की स्थापत्य कला को आकर्षक रूप से रोशन करने के लिए फसाड लाइटिंग का काम भी तेजी से चल रहा है। इसका टेंडर हैवल्स कंपनी को दिया गया है। शीर्ष मंडपों के बीच वायरिंग का काम पूरा हो चुका है, जबकि गर्भगृह समेत मंदिर के अन्य हिस्सों में लाइट लगाने का कार्य जारी है।

भुगतान व लंबित कार्यों की हो रही समीक्षा

नृपेंद्र मिश्रा ने बताया कि निर्माण कार्यों से जुड़े भुगतान और ठेकेदारों के लंबित कार्यों की भी समीक्षा की जा रही है। निर्माण एजेंसियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं। दो दिवसीय समीक्षा बैठक में ट्रस्ट के सचिव जगदीश आफले के अलावा निर्माण एजेंसियों के अधिकारी और तकनीकी विशेषज्ञ मौजूद रहेंगे। समिति का लक्ष्य है कि वर्ष 2026 के अंत तक राम मंदिर परिसर के निर्माण से जुड़ा कोई भी प्रमुख कार्य अधूरा न रहे।

ये भी पढ़ें  बड़ा मंगल : रामनगरी में पवनसुत की जय-जयकार हनुमान गढ़ी में भोर से दर्शन की होड़

Anurag Chaturvedi

अनुराग चतुर्वेदी पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता, लेखन और संपादन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए खबरों को निष्पक्षता और गहराई के साथ जनता के सामने रखा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button