
योगेंद्र मलिक
देहरादून, 26 अगस्त 2026ः
उत्तराखंड की धामी सरकार ने प्रदेश की व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए एक बार फिर आईएएस और पीसीएस अधिकारियों के स्थानांतरण किए हैं। शासन ने तत्काल प्रभाव से भारतीय प्रशासनिक सेवा, राज्य सिविल सेवा (कार्यकारी शाखा) और सचिवालय सेवा के कई अधिकारियों के विभागों में फेरबदल किया है। शासन की ओर से जारी आदेश के तहत अधिकारियों को वर्तमान पदभार से अवमुक्त करते हुए नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

आदेश के अनुसार आईएएस विजय कुमार जोगदंडे को अपर सचिव गृह विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, आईएएस डॉ. आनंद श्रीवास्तव को अपर सचिव राजस्व के साथ नागरिक उड्डयन और महानिदेशक कृषि एवं उद्यान की जिम्मेदारी सौंपी गई है। आईएएस विनोद गिरी गोस्वामी को अपर सचिव शहरी विकास के पद पर तैनाती दी गई है। इससे पहले वह आवास विभाग, निदेशक शहरी विकास निदेशालय देहरादून व मुख्य कार्यपालक अधिकारी भागीरथी नदी घाटी विकास प्राधिकरण समेत विभिन्न दायित्व संभाल रहे थे। उनसे सचिव आवास की जिम्मेदारी हटा दी गई है।
आईएएस सुंदर लाल से अपर सचिव समाज कल्याण विभाग हटा दिया गया है और उनको अपर सचिव आवास विभाग का दायित्व सौंपा गया है। वहीं, सुनील सिंह को अपर सचिव सैनिक कल्याण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। शासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल नवीन तैनाती वाले पदों पर कार्यभार ग्रहण कर इसकी आख्या कार्मिक एवं सतर्कता विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। दूसरी ओर महिमा रोकली को सचिवालय सेवा, बाध्य प्रतीक्षा के अपर सचिव राजस्व एवं सैनिक कल्याण की जिम्मेदारी सौंपी गई है।






