Lucknow City

रक्षाबंधन पर योगी सरकार का महिलाओं को ‘डबल गिफ्ट’, कल से तीन दिन फ्री सफर, बुजुर्ग महिलाओं की बस यात्रा मुफ्त

सीएम योगी ने ‘लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर मातृशक्ति यात्रा योजना’ का किया शुभारंभ, 60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को पूरे साल रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा, स्मार्ट कार्ड बांटकर बुजुर्ग महिलाओं के साथ ली सेल्फी

लखनऊ, 26 अगस्त 2026:

रक्षाबंधन से पहले यूपी की महिलाओं के लिए योगी सरकार ने एक साथ दो बड़ी सौगातों का ऐलान किया है। रक्षाबंधन के मौके पर जहां कल से लगातार तीन दिनों तक महिलाएं रोडवेज और सिटी बसों में मुफ्त सफर कर सकेंगी, वहीं प्रदेश की 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा की स्थायी सुविधा शुरू हो जाएगी। बुधवार को लखनऊ में
सीएम योगी आदित्यनाथ ने ‘लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर मातृशक्ति यात्रा योजना’ का शुभारंभ किया।

rakshabandhan-yogi-government-free-bus-travel-women1

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में कई बुजुर्ग महिलाओं को मुफ्त यात्रा के लिए सांकेतिक स्मार्ट कार्ड अपने हाथों से वितरित किए। इसके बाद हरी झंडी दिखाकर बसों को रवाना किया और बस में सवार बुजुर्ग महिलाओं के साथ सेल्फी भी ली। कार्यक्रम में महिलाओं को साड़ी और मिठाई का डिब्बा देकर सम्मानित किया गया। प्रदेश के सभी 75 जिलों में इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित किए गए।

ये भी पढ़ें:

वोटर कार्ड या आधार दिखाएं और करें मुफ्त सफर

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि 29 अगस्त से 60 वर्ष से अधिक उम्र की कोई भी महिला रोडवेज बस में यात्रा के दौरान अपना वोटर कार्ड या आधार कार्ड दिखाकर निशुल्क सफर कर सकेगी। इसके लिए महिलाओं से कोई किराया नहीं लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने योजना शुरू करने को लेकर उनसे चर्चा की थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन से बेहतर इसके शुभारंभ का कोई अवसर नहीं हो सकता।

अहिल्याबाई के नाम पर बनेंगे महिला हॉस्टल

योगी ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर ने कठिन दौर में महिला स्वावलंबन और लोककल्याण की मिसाल कायम की थी। इसी भावना के अनुरूप योजना का नाम उनके नाम पर रखा गया है। उन्होंने बताया कि कामकाजी महिलाओं के लिए प्रदेश में बनाए जा रहे हॉस्टलों का नाम भी लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर रखा जा रहा है।

‘2017 से पहले बेटी थी असुरक्षित’

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर गंभीर स्थिति थी। उन्होंने सपा सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि उस दौर में ‘देख सपाई, बिटिया घबराई’ का नारा सुनाई देता था। योगी ने दावा किया कि उनकी सरकार में महिला पुलिसकर्मियों की संख्या 10 हजार से बढ़कर 45 हजार हो गई है और नई भर्ती के बाद यह संख्या 50 हजार तक पहुंच जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब महिला सुरक्षा सिर्फ दावों तक सीमित नहीं है। पहली बार महिला बीट व्यवस्था शुरू की गई है और तकनीक व डेटा के जरिए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है।

rakshabandhan-yogi-government-free-bus-travel-women2

महिलाओं को 12 हजार सालाना, 50 हजार बेटियों को स्कूटी

योगी ने कहा कि पहले महिलाओं को मिलने वाली सहायता में बिचौलियों की भूमिका रहती थी, जबकि अब योजनाओं का पैसा सीधे बैंक खाते में पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि जहां पहले 300 रुपये जैसी छोटी सहायता मिलती थी, वहीं अब महिलाओं को 12 हजार रुपये सालाना दिए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी घोषणा की कि अक्तूबर या नवंबर में प्रदेश की 50 हजार बेटियों को स्कूटी दी जाएगी।

महिलाओं को मिला 65 लाख आवासों का मालिकाना हक

मुख्यमंत्री ने कहा कि 65 लाख आवासों का मालिकाना हक महिलाओं को मिला है। उज्ज्वला योजना ने महिलाओं को धुएं से राहत दी है। अब सरकार डिजिटल इंटरप्रेन्योरशिप के क्षेत्र में भी महिलाओं को आगे बढ़ाने की तैयारी कर रही है। प्रदेश की 8 हजार न्याय पंचायतों में से 4 हजार में महिलाओं को डिजिटल इंटरप्रेन्योर के रूप में आगे बढ़ाने का लक्ष्य है।

मुख्यमंत्री ने महिलाओं से अपील की कि रक्षाबंधन पर भाइयों को रक्षा सूत्र बांधने के साथ सेना के जवानों, सैनिकों और पूर्व सैनिकों को भी रक्षा सूत्र बांधें जिससे सुरक्षा के इस भावनात्मक चक्र को और मजबूत किया जा सके।

ये भी पढ़ें  पैतृक संपत्ति हड़पने का आरोप...बलिया की महिला ने दी सीएम आवास पर आत्मदाह की धमकी

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button