
लखनऊ, 21 जुलाई 2026:
सीएम योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में लखनऊ स्थित उनके सरकारी आवास पर मंगलवार को हुई यूपी कैबिनेट की बैठक में 18 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में आधारभूत ढांचे, उच्च शिक्षा और महिला सशक्तिकरण को केंद्र में रखते हुए कई बड़े फैसले लिए गए। सबसे चर्चित निर्णय रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना को मंजूरी देने का रहा जिसके तहत प्रदेश की मेधावी छात्राओं को मुफ्त स्कूटी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए सरकार ने 400 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में करीब 50 हजार छात्राओं को योजना का लाभ देने का लक्ष्य रखा गया है।
कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देते हुए उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बताया कि प्रदेश के हर उच्च शिक्षण संस्थान की वर्ष 2025-26 की टॉप पांच प्रतिशत छात्राओं को इस योजना का लाभ मिलेगा। इसके लिए छात्रा के अभिभावकों की वार्षिक आय 12 लाख रुपये तक होना अनिवार्य होगी। हालांकि दिव्यांग, शहीद और निराश्रित परिवारों की छात्राओं को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। इन श्रेणियों की छात्राओं के लिए केवल स्नातक उत्तीर्ण होना ही पात्रता मानी जाएगी।

सरकार केवल स्कूटी ही नहीं देगी बल्कि उसके साथ पंजीकरण शुल्क, बीमा, आईएसआई प्रमाणित हेलमेट, आवश्यक एक्सेसरीज और पांच लीटर पेट्रोल भी उपलब्ध कराया जाएगा। पूरी खरीद प्रक्रिया गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (GeM) पोर्टल के माध्यम से होगी। इससे पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।
महिलाओं के लिए 500 कमरों का हॉस्टल
कैबिनेट ने उच्च शिक्षा को मजबूती देने के लिए शोध पीठ की स्थापना और छात्राओं के लिए नए छात्रावासों के निर्माण को भी मंजूरी दी। वाराणसी के बसंत महिला महाविद्यालय में 112 छात्राओं की क्षमता वाला आधुनिक छात्रावास बनाया जाएगा। वहीं कामकाजी महिलाओं की सुविधा के लिए 500 कमरों के हॉस्टल के निर्माण हेतु भूमि उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दे दी गई। सरकार का मानना है कि इन फैसलों से छात्राओं और महिलाओं को सुरक्षित आवास के साथ उच्च शिक्षा और रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे।
बैठक में यह भी तय किया गया कि उत्तर प्रदेश विधानमंडल का मानसून सत्र 3 अगस्त से 6 अगस्त 2026 तक आयोजित किया जाएगा। सरकार के इन फैसलों को महिला शिक्षा, आत्मनिर्भरता और उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है, जिसका लाभ प्रदेश की हजारों छात्राओं और कामकाजी महिलाओं को मिलने की उम्मीद है।






