
लखनऊ, 12 सितंबर 2026:
यूपी में नई और पुरानी पानी की टंकियों के गिरने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्रदेश की राजधानी लखनऊ की राजाजीपुरम कॉलोनी के सेक्टर-12 में सेंट जेवियर्स स्कूल के पास पुरानी ओवरहेड पानी की टंकी ध्वस्तीकरण के दौरान भरभराकर गिर गई। इस टंकी के नीचे कुछ देर पहले तक बच्चे खेल रहे थे। गनीमत रही कि टंकी गिरने से कुछ मिनट पहले ही बच्चे वहां से हटकर पानी पीने चले गए। इससे बड़ा हादसा टल गया।

टंकी का मलबा पास स्थित एक मकान पर जा गिरा। इससे भवन का गेट, दरवाजे, एसी, चबूतरे और रैंप समेत अन्य हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हादसे के बाद संबंधित अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और भवन स्वामी पूनम से संपर्क कर नुकसान की भरपाई का भरोसा दिलाया।

बताया गया है कि यह पुरानी टंकी क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। इसे तोड़ने का काम उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) की कार्यदायी संस्था मैसर्स जेएमवी एसोसिएट्स, कृष्णानगर करा रही है। स्थानीय पार्षद गौरी सांवरिया ने हादसे के लिए जलकल विभाग के अधिकारियों पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए। उनका कहना है कि करीब दो साल से टंकी को तोड़ने का काम चल रहा था लेकिन ध्वस्तीकरण के दौरान सुरक्षा मानकों और नियमों का पालन नहीं किया गया।
कार्यदायी संस्था ने भवन स्वामी को नुकसान का आकलन कराकर पूरा मुआवजा देने का आश्वासन दिया है। इसके साथ ही दावा किया गया है कि अब ध्वस्तीकरण कार्य निर्धारित सुरक्षा मानकों के साथ कराया जा रहा है। संबंधित अधिकारियों का कहना है कि टंकी क्षतिग्रस्त थी। इसलिए इसे तोड़ने का काम चल रहा था। इसकी जगह नई टंकी बनाई जाएगी। लापरवाही के आरोपों पर कहा कि इस बारे में जानकारी नहीं है। वे मौके पर जाकर निरीक्षण करेंगे।






