
बाराबंकी, 12 सितंबर 2026:
यूपी के बाराबंकी जिले में लखनऊ रोड पर मोहम्मदपुर पुलिस चौकी के पास खड़ी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी हो गई है। करीब दो महीने पहले पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत एक चोर को पकड़ा था। आरोपी को जेल भेजने के बाद वाहन को चौकी के बगल खाली पड़ी जगह में खड़ा कराया गया था। अब पुलिसकर्मी ने मौके पर जाकर देखा तो ट्रैक्टर-ट्रॉली गायब मिली।
चोर पकड़ा गया, वाहन चौकी के पास खड़ा कराया था
कोतवाली शहर क्षेत्र की मोहम्मदपुर चौकी पर तैनात सिपाही कपिल तिवारी की ओर से दर्ज एफआईआर में घटना की पूरी डिटेल दी गई है। इसके मुताबिक करीब दो महीने पहले चौकी प्रभारी आलोक कुमार सिंह ने ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी के मामले में एक आरोपी को पकड़ा था। आरोपी को जेल भेज दिया गया था। इसके बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली को चौकी के बगल खाली पड़ी जगह में दाखिल कर खड़ा कराया गया था।
चेकिंग के दौरान गायब मिला ट्रैक्टर
कपिल तिवारी के मुताबिक वह उसी जगह की तरफ गया। वहां पहुंचकर उसने देखा ट्रैक्टर ट्रॉली समेत गायब था। वाहन के वहां नहीं मिलने पर उसे आशंका हुई कि किसी चोर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी कर ली है।
फिलहाल नाक के नीचे हुई इस चोरी की घटना से सकपकाए सिपाही ने प्रभारी को सूचना दी। अब अज्ञात चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चौकी के पास खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली को वहां से कब हटाया गया। मामले की जांच की जा रही है।
24 घंटे व्यस्त रहने वाले हाईवे पर चोरी से उठे सवाल
बता दें कि शहर कोतवाली की मोहम्मदपुर चौकी लखनऊ-अयोध्या हाईवे के किनारे ही बनी है। वीआईपी की अगवानी के साथ गश्त भी होती रहती है। दिन-रात वाहनों का आवागमन कभी बंद नहीं होता है ऐसे में ट्रैक्टर को ट्रॉली समेत ले जाना चौकी के निगरानी तंत्र पर सवाल उठाता है।






